ट्रक में फंसे चालक को निकालने करना पड़ा मशक्कत

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 में सिलसिला के पास पुलिया में दो ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर में ट्रक चालक की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त दोनों भारी वाहनों के पुल में फंसे रहने से सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे मार्ग अवरूद्ध होने की स्थिति बन गई। एक ट्रक का चालक अंदर ही फंसा रह गया, जिसे घंटों मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस दौरान यात्री बसों के अलावा अन्य चार चक्का वाहनों का आवागमन घंटों थमा रहा। बाद में कुछ वाहनों को दूसरे रास्ते से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बुधवार की रात से गुरूवार को अलसुबह तक पुलिस दुर्घटनास्थल पर मशक्कत करती रही। राहत एवं बचाव कार्य के लिए होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम भी अंबिकापुर से मौके पर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक कोयला लोड ट्रक क्रमांक आरजे 02 जीबी 7167 अंबिकापुर से कोयला लोड करके चालक रायगढ़ जाने निकला था। इधर सीतापुर की ओर से नीलगिरी लकड़ी लोड करके अंबिकापुर की ओर ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5403 का चालक आ रहा था। बुधवार की रात लगभग 11 बजे सिलसिला के पास पुलिया में आमने-सामने दोनों ट्रकों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि नीलगिरी लकड़ी लोड ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5403 का चालक 21 फरवरी को पत्थलगांव से लकड़ी लोड करके अंबिकापुर आ रहा था। टक्कर के बाद ट्रक में लोड नीलगिरी के कटे हुए पेड़ सड़क पर बिखर गए। ट्रक का चालक सौरव कुमार राय पिता डिप्टी राम 35 वर्ष निवासी मुंजरिया कुदरा, तैमूर बिहार दोनों वाहनों के बीच में फंसा रह गया, जिसे मृत अवस्था में कटर से काटकर बाहर निकाला गया। कोयला लोड ट्रक के चालक, क्लीनर व लकड़ी लोड ट्रक का क्लीनर घायल हो गया। तीनों को क्षेत्रीय अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया था। स्थिति को नियंत्रित करने दुर्घटना के बाद से ही पुलिस के अलावा एसडीआरएफ की पूरी टीम घटनास्थल मौजूद रही। नीलगिरी लकड़ी लोड ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालने पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक के बड़े हिस्से को काटकर चालक सौरव कुमार राय को निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो गई थी।

Categorized in: