अंबिकापुर। सरगुजा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शुक्रवार की सुबह 12वीं बोर्ड का पहला पेपर देने निकले दो छात्र तेज रफ्तार में एनएच 43 में अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, शांतिपारा में स्वामी आत्मानन्द स्कूल में पढ़ने वाले बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा-कुनकुरी मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी में फिसल गई। तेज रफ्तार के कारण बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुक्रवार को शुरू हुई हैं, और परीक्षा केन्द्र में पहुंचने में विलम्ब न हो, इसे देखते हुए छात्र तेज रफ्तार में जा रहे थे और सड़क के किनारे गिरी मिट्टी में दोपहिया का संतुलन बिगड़ गया, जिस कारण एक छात्र की जान चली गई। स्वजन के अनुसार हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी। वह बाइक लेकर बेलकोटा गया और निष्क को साथ लेकर परीक्षा देने निकला था। निष्क इससे पहले बस से ही स्कूल आता-जाता था, पहली बार दोस्त के साथ बाइक से स्कूल गया था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Categorized in: