बलरामपुर। थाना क्षेत्र में एक युवती के द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक आरोपी के विरूद्ध दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 06 नवंबर को एक युवती अचानक घर से लापता हो गई थी। इसकी सूचना स्वजनों ने कोतवाली थाना बलरामपुर में दी थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार युवती की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। दो दिन बाद, 08 नवंबर को युवती का शव उसके घर के पीछे स्थित एक कुएं में मिला। शव मिलने के बाद थाना बलरामपुर में मर्ग कायम करके शव पंचनामा की कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच शुरू की तो पता चला कि आत्महत्या से पूर्व आरोपी सोनू सिंह ने युवती के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी थी। इस आधार पर आरोपी सोनू सिंह 23 वर्ष, निवासी ग्राम जतरो के खिलाफ पुलिस ने धारा 108 बीएनएस का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

 

Categorized in: