रायपुर – राधे-राधे’ कहने पर छात्रा की पिटाई और उसके मुंह पर टेप लगाने का वाला मामला दुर्ग जिले में सामने आया है, अभिवादन के लिए ‘राधे-राधे’ कहने पर एक स्कूल प्राचार्य ने नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की छात्रा को ना सिर्फ पीटा, बल्कि उसके मुंह पर भी टेप चिपका दिया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला प्राचार्य ईला ईवन कोल्विन को गिरफ्तार कर लिया।


इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि यह घटना नंदिनी नगर थानाक्षेत्र के बागडुमर इलाके में स्थित ‘मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल’ में बुधवार सुबह हुई। जिसके बाद बच्ची के पिता प्रवीण यादव ने पुलिस ने मामला दर्ज कराया। शिकायत पर पुलिस ने स्कूल की प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि बच्ची के पिता ने पुलिस के पास दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया कि बुधवार को जब उनकी बच्ची स्कूल से वापस आई तो उसने बताया कि प्राचार्य ईला ईवन कोल्विन ने ‘राधे-राधे’ कहने पर उसकी पिटाई की और उसके मुंह पर टेप भी लगा दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर स्कूल की प्राचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया साथ ही प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर नंदनी थाना प्रभारी पारस सिंह ठाकुर ने बताया की यादव की शिकायत के बाद आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Categorized in: