माइन्स एरिया में घुसकर सुरक्षा गार्ड से मारपीट, आगजनी सहित कई संगीन मामलों का है आरोपी
दो कट्टा, मोटरसाइकिल सहित भारी मात्रा में सामान बरामद करने में पुलिस हुई सफल  

बलरामपुर। प्रतिबंधित संगठन जेजेएमपी (झारखण्ड जन मुक्ति परिषद) सुप्रीमो पप्पू लोहरा ग्रुप के महुआडांड़ झारखण्ड एवं सामरी छत्तीसगढ़ क्षेत्र के एरिया कमाण्डर नक्सली बालाजी उर्फ सत्यनारायण यादव को गिरफ्तार करने में बलरामपुर जिला पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार नक्सली के पास से हथियार सहित भारी मात्रा में सामग्री पुलिस ने जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक प्रतिबंधित संगठन जेजेएमपी के थाना सामरीपाठ क्षेत्रांतर्गत ग्राम टाटीझरिया के बॉक्साइड माइन्स को बंद कराने के लिए पर्चा देने वाला एवं टाटीझरिया माइंस के सुरक्षा गार्डों को मारपीट कर मोबाइल लूटने एवं क्रेशर मशीन में आगजनी करने वाले प्रमुख नक्सली आरोपी बालाजी उर्फ सत्यनारायण यादव 35 वर्ष निवासी गारू थाना क्षेत्र, जिला लातेहार झारखण्ड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि थाना सामरीपाठ क्षेत्रांतर्गत ग्राम टाटीझरिया के बीकेबी कंपनी माइंस के कार्मिकों के घर के दरवाजे पर बीते 4 जुलाई को धमकी भरा पर्चा मिला था। साथ ही ठेकेदारों को फोन के माध्यम से धमकी एवं संपर्क करने कहा जा रहा था। गिरफ्तार नक्सली ने माइन्स बंद करने और मशीनों व कार्मिकों को आग के हवाले करते हुए गोली मारने की धमकी दी थी, जिससे कंपनी के कार्मिक भयभीत थे। मामले में थाना सामरीपाठ में अपराध क्रमांक धारा 351, 308(5), 113 (2)(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू किया गया।

हथियार और पेट्रोल लेकर पहुंचे थे 09 नक्सलियों ने गार्ड को पीटा, मशीन में लगाई थी आग
13 जुलाई की रात बांसटोली टाटीझरिया माइन्स में गार्डों को ड्यूटी के दौरान रात्रि करीब एक बजे 09 नक्सली माइन्स में पैदल आए, जो हथियार और जरकिन में पेट्रोल रखे थे। सिक्यूरिटी गार्डों से पूछे कि मैनेजर और गाड़ी व ड्राइवर कहां पर रहते हंै। गार्ड के मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी डंडा से उसकी पिटाई कर दिए। इसके बाद गार्ड का की-पैड मोबाइल लूट लिए और दूसरे गार्ड के तौलिया को छीनकर खड़ी क्रेशर में पेट्रोल डालकर मशीन के अंदर आग लगा दिए। इस दौरान टाटीझरिया बस्ती की ओर से टॉर्च की रोशनी को देखकर एक पर्चा मैनेजर को दे देना कहते हुए नक्सली भाग निकले। मामले में थाना सामरीपाठ में धारा 309 (4), 324 (4) (5),351(2)(3), 191(2),191(3),190,113(2)(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया था।


कुसमी में पकड़ाया बालाजी उर्फ सत्यनारायण
पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग एवं नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने दोनों घटनाओं को संवेदनशील मानते हुए आरोपियों को पकड़ने लगातार मानिटरिंग की। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) शैलेन्द्र पाण्डेय, निरीक्षक रमाकांत तिवारी, सायबर सेल प्रभारी एवं सायबर टीम एवं निरीक्षक विजय प्रताप सिंह थाना प्रभारी सामरीपाठ एवं इनकी टीम घटना दिनांक से लगातार नक्सलियों के बारे में जानकारी हासिल करने के प्रयास में लगी थी। इसी क्रम में पुलिस बल को सोमवार को जानकारी मिली कि आरोपी बालाजी उर्फ सत्यनारायण कुसमी क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने कुसमी से आरोपी को पकड़ने में सफल हुई।

इन सामानों को जप्त की पुलिस
आरोपी नक्सली के कब्जे से 02 नग 315 बोर देशी कट्टा एवं 04 राउंड, मोबाइल 07 नग, चार्जर 03, पावर बैंक 01 नग, घड़ी 01 नग, आधार कार्ड 01 नग, पेन कार्ड 01 नग, पासबुक 01 नग, लाल रंग का प्लाटिक टार्च, ड्रेस, ग्राउंड सीट 01 नग, नक्सली लेटर पैड सादा 07 नग, नक्सली पर्चा 03, दैनिक डायरी 02 नग, पाकेट डायरी 01 नग, मोटरसाइकिल 01 एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी थाना सामरीपाठ में अपराध क्रमांक 32/2024 धारा 351, 308(5) बीएनएस (ग्राम टाटीझरिया माइन्स में धमकी भरा पर्चा देना एवं मोबाइल फोन से धमकी देने की घटना) व इसी थाना में अ.क्र. 33/2024 धारा 309 (4), 324 (4)(5), 351 (2)(3), 191(2), 191(3), 190 बीएमएस (टाटी झरिया माइंस में सुरक्षा गार्डों से मारपीट कर मोबाइल लूटने एवं क्रशर मशीन में आगजनी करने की घटना) में शामिल रहा है।

थाना महुआडांड़ क्षेत्र में इन घटनाओं में रहा है शामिल
* ओरसा घाटी थाना महुआटांड़ में पुलिया का काम में पप्पु लोहरा एवं आरोपी द्वारा जून महीने में 05 लाख रुपये की मांग की थी।
* महुआडांड़ चटकपुर रोड में पुलिया निर्माण काम को लेकर रुपये की मांग किया और रकम प्राप्त किया।
* महुआडांड़ के ईंट भट्ठा ठेकेदार राजेश, नितिन, पंकज, कन्हाई से 5-5 हजार रुपये की वसूली।

Categorized in: