रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं आज से ठप हो सकती है जिसका कारण यह है की राज्य के 16 हजार से ज्यादा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने वाले हैं। इस दौरान SNCU समेत आपातकालीन सेवाएं भी पूरी तरह बंद रहेंगी।

इससे पहले कई बार छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सरकार को ज्ञापन सौंपा था, प्रदर्शन और रैली निकाली थी। अब इस आंदोलन की जानकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, प्रदेश महासचिव कौशलेश तिवारी और प्रवक्ता पूरन दास ने दी। उनका कहना है कि 15 अगस्त तक सरकार की ओर से 10 सूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते 18 अगस्त से बलौदा बाजार जिले के लगभग 550 और प्रदेशभर के 16 हज़ार से अधिक कर्मचारी ‘कामबंद-कलमबंद’ हड़ताल करेंगे।

कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले 20 वर्षों से प्रदेश के सुदूर अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बने हुए हैं। कोविड-19 जैसी महामारी में भी इनकी भूमिका अहम रही, लेकिन आज भी इन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है।

एनएचएम कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगे हैं- संविलियन, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे निर्धारण, लंबित 27% वेतन वृद्धि, अनुकम्पा नियुक्ति, न्यूनतम 10 लाख का कैशलेस चिकित्सा बीमा और अन्य सुविधाएं हैं।

इधर बलरामपुर जिले के 600 एन.एच.एम स्वास्थ्य कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। जिसके चलते जिले के प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होगी. बता दें कि एसएनसीयू वार्ड, ब्लड बैंक और लैब जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित होंगे।

Categorized in: