अंबिकापुर। थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामले में म्यूल खाताधारक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खाता में गेमिंग, धोखाधड़ी एवं अपराध से संबंधित 2430 रुपये प्राप्त होने एवं एक से अधिक ट्रांजेक्शन पाये जाने पर यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार फर्जी मोबाइल नम्बरों को जारी करने वाले पॉइंट ऑ$फ सेल्स (पीओएस) एवं म्यूल खाता धारकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के सम्बन्ध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में दस्तावेज के अवलोकन पर म्यूल एकाउंट के मामले में बैंक खाता धारक मोहम्मद सम्मी पिता फकरुद्दीन निवासी ग्राम बेलखरिखा, थाना दरिमा के नाम से संचालित म्यूल खाते के विरुद्ध, पुलिस पोर्टल मे विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज होना एवं उक्त खाते में 2430 रुपये छलपूर्वक प्राप्त करने हेतु अपने सीम, बैंक खाता का उपयोग षड्यंत्र पूर्वक करना पाया गया, जिस पर थाना गांधीनगर में धारा 318 (4), 317(4), 111 बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके पुलिस ने विवेचना में लिया था।

दौरान विवेचना पुलिस टीम ने मामले के आरोपी मोहम्मद सम्मी 19 वर्ष, निवासी ग्राम बेलखरीखा से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किया तो उसने आरोपी अनुज सिंह के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। वह बताया कि अनुज सिंह से खाता बिक्री करने के एवज में कमीशन प्राप्त किया है। आरोपी मोहम्मद सम्मी के खाता में ठगी की राशि का एक से अधिक बार ट्रांजेक्शन होने तथा अनुज सिंह के साथ मिलकर गेमिंग तथा फ्रॉड के रुपये को प्राप्त करने हेतु खाता की खरीद-बिक्री पाये जाने पर आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। प्रकरण में आरोपी अनुज सिंह को पूर्व में गिरफ़्तार करके न्यायालय में पेश किया गया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक वीरेंद्र पैकरा, आनंद प्रकाश केरकेट्टा, जानकी राजवाड़े, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Categorized in: