आयुष्मान से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में हेराफेरी का चिकित्सक ने लगाया आरोप

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। केंद्र सरकार द्वारा जनसामान्य के लिए लागू की गई आयुष्मान योजना के इन्सेंटिव की राशि में बीएमओ के द्वारा गोलमाल करने का आरोप चिकित्सक लगा रहे हैं। सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड अंतर्गत ऐसा मामला सुर्खियों में आया है, जिसमें चिकित्सक ने बीएमओ पर पद का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया है। कहा गया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत शासकीय अस्पतालों में चिकित्सक जिन मरीजों का उपचार करते है, उसके बदले उन्हें कुछ राशि इन्सेंटिव के रूप में प्रदान की जाती है, लेकिन बीएमओ के द्वारा सत्र 2021-22 के इन्सेंटिव की राशि में बड़ी कटौती करते हुए उक्त राशि को अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया गया है। अकेले बीएमओ के खाते में लाखों रुपये का अंतरण होना रात-दिन मरीजों की सेवा में लगे रहने वाले चिकित्सकों के समझ से परे है।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. संयोगिता पैकरा का कहना है कि आयुष्मान के इन्सेंटिव का कुल 14 लाख रुपये वर्ष 2021-22 में आया था। इसमें से चिकित्सक, स्टाफ, सिस्टर व अन्य सहयोगियों को राशि का वितरण होता है। इसमें डॉक्टरों को महज 50 से 60 हजार रुपये इन्सेंटिव के नाम पर थमा दिया गया, वहीं बीएमओ के खाते में चार लाख 30 हजार रुपये जमा हो गया, जबकि वे मेडिकल ड्यूटी नहीं करते हैं। मरीजों की सेवा के लिए रात-दिन खटने वाले चिकित्सकों में इसे लेकर असंतोष है। उक्त राशि किस आधार पर किसी को कम या अधिक प्रदान की गई है, इसकी जांच होनी चाहिए और वास्तविक इन्सेंटिव प्रदान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा इसकी शिकायत पूर्व में भी तत्कालीन सीएमएचओ से की गई थी, लेकिन उन्होंने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। मामले की जांच हो तो जिले में बड़े पैमाने पर इन्सेंटिव घोटाला सामने आ सकता है।

आप लोगों के माध्यम से मुझे इसकी जानकारी मिली है। टीम गठित करके मामले की जांच कराई जाएगी। नियमसम्मत तरीके से निष्पक्ष कार्रवाई होगी। इसकी जानकारी बीएमओ से भी लेंगे। जांच टीम की अनुशंसा के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. आरएन गुप्ता, सीएमएचओ

Categorized in: