पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने की पत्रकारों से चर्चा

रामानुजगंज। रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 7 के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का एक बयान पूरे कांग्रेस पार्टी में खलबली मचा दिया है। सरगुजा संभाग के सभी पदाधिकारी बारी-बारी से अपना विरोध दर्ज कराने में लगे हुए हैं। प्रेस वार्ता के माध्यम से तो कोई थाने में आवेदन देकर अपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहा है।

इसी क्रम में अंबिकापुर नगर निगम के पूर्व महापौर डॉ. अजय कुमार तिर्की एवं रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी प्रेस वार्ता का आयोजन करके कहा वर्ष 2023 में हो रहे विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी ने बृहस्पति सिंह टिकट न देकर उन्हें टिकट प्रदान किया। वेे बृहस्पति सिंह से मुलाकात कर जीत की रणनीति तय करने के लिए उनके दरवाजे पर कई बार गए लेकिन उन्होंने मिलने से साफ इन्कार कर दिया और भाजपा प्रत्याशी के साथ जा मिले, जहां करोड़ों की लेन-देन हुई और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार करके उनको जिताया गया, जो काफी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग के ऊपर अनर्गल आरोप लगाना न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए चिंता का विषय है बल्कि उनके कार्यप्रणाली से ऐसा प्रतीत होता है कि महिला के प्रति सम्मान की उनके अंदर कोई भावना नहीं है। सुर्खियों में बने रहने के लिए हमेशा विवादित बयान दिया जाता हैं और मामला फंसने पर माफी भी मांग लेते हैं। डॉ. तिर्की ने कहा कि विधायक रहते हुए बृहस्पति सिंह ने संगठन के साथ कभी तालमेल नहीं रखा, हमेशा व्यक्तिगत स्वार्थ को प्राथमिकता दी। उन्होंने बंगाली बसाहट क्षेत्र की जमीन को अवैध रूप से कब्जाने का भी आरोप लगाया, और कहा कि इन दिनों पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह कांग्रेस से निष्कासित हैं। पार्टी ने उनके अनुशासनहीन बयानों और संगठन विरोधी गतिविधियों के चलते यह कार्रवाई की है। इस दौरान जिला महामंत्री अजय कुमार गुप्ता, मोहन सिंह, प्रमोद गोस्वामी, मनोज दुबे, व्यास मुनि यादव, अशोक गोड़, नीरज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बयानबाजी पर मजे ले रही जनता
जनता बड़े दिनों से खस्ताहाल सड़कों से परेशान थी, सड़क कब बनेगा इसी उधेड़बुन में अपने आप को कोसते चली जा रही थी कि जब भी सरकार चुनें सोच समझकर चुनें, ताकि आने वाले समय में मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके। इन सबके बीच एक बयान ने आम जनता का ध्यान दूसरी पटरी पर लाकर खड़ा कर दिया है। अब जनता इस बात पर चर्चा कर रही है कि जितना दम-खम एक व्यक्ति के प्रति दिखाया जा रहा है, यही दायित्व जनता को राहत पहुंचाने के लिए निभाया जाता तो शायद जनता का विश्वास उस पार्टी के प्रति सशक्त होता, जो अभी सत्ता से पृथक होकर अलग-अलग दिखाई दे रही है। खैर सियासत करने वालों का जनता की मूलभूत सुविधाओं से कोई सरोकार नहीं है, क्योंकि विपक्ष में कोई भी पार्टी आम जनता के लिए कभी कोई ठोस पहल नहीं करती और तमाशाबीन बने रहती है। फिलहाल बयानबाजी का दौर चल रहा है और जनता हर एक बयान पर मजा लेने और पढ़ने, सुनने में लगी है।

Categorized in: