बिश्रामपुर। पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर अवैध गतिविधियों पर करारा प्रहार किया है। शनिवार को जयनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कबाड़ ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने लगभग 20 क्विंटल अवैध कबाड़ से लदा एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है। जयनगर पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सूरजपुर से एक पिकअप वाहन सीजी 15 एसी 2809 में अवैध कबाड़ लोडकर तीन व्यक्ति अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी टीआई नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक विशाल मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस दल ने गवाहों के साथ संयुक्त रूप से वाहनों की चेकिंग शुरू की और मुखबिर द्वारा बताए गए संदिग्ध वाहन को रोका। पुलिस ने वाहन चालक की पहचान प्रेमलाल पिता धरमपाल राजवाड़े निवासी ग्राम पस्ता थाना रामानुजनगर के रूप में हुई। साथ में सवार अन्य दो व्यक्तियों की पहचान अर्जुन प्रसाद गुप्ता 56 वर्ष और सौरभ गुप्ता 23 वर्ष निवासी भैयाथान रोड सूरजपुर के रूप में की गई।पूछताछ में पता चला कि उक्त वाहन विशाल गुप्ता की है, जिसे अर्जुन प्रसाद ने किराए पर लिया था। अर्जुन प्रसाद ने सूरजपुर स्थित अपने घर से पिकअप वाहन में कबाड़ लोडकर अंबिकापुर ले जाने की बात स्वीकार की है। वाहन में दस्तावेज नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया, लेकिन वे वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने वाहन में लोड 20 क्विंटल कबाड़ को जब्त कर तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 35 (1-घ), 303 (2), 3 (5) के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायालय पेश कर दिया गया है। कार्यवाही में जयनगर टीआई नरेंद्र कुमार सिंह के अलावा सहायक उपनिरीक्षक विशाल मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजेंद्र एक्का, दीपक दुबे, आरक्षक विकास मिश्रा, नीरज सिंह, नगर सैनिक जहांगीर, मुजाहिद व अन्य सक्रिय रहे।

Categorized in: