*मुख्यमंत्री ने कहा-बड़े सपने देखो, अनुशासन से उन्हें साकार करो*
अंबिकापुर। सरगुजांचल के मेधावी विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण की पहल सरगुजा की जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 की सदस्य पायल विश्व विजय तोमर ने की। जिला पंचायत क्षेत्र के 8 शासकीय विद्यालयों के इन विद्यार्थियों को आईआईएम, ट्रिपल आईटी, ट्राइबल म्यूजियम और राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित नवा रायपुर के प्रमुख संस्थानों का भ्रमण कराया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में बच्चों से आत्मीय संवाद करके उनका मार्गदर्शन किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव है। इस समय लिया गया संकल्प और किया गया परिश्रम ही जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि सफलता का मतलब सिर्फ डॉक्टर-इंजीनियर बनना नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता में युवाओं के लिए अपार अवसर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा हर विद्यार्थी की अपनी प्रतिभा है। उसे पहचानो, लक्ष्य तय करो और अनुशासन व लगन से उस तक पहुंचो। कठिन परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश की सफल हस्तियों के प्रेरक प्रसंग सुनाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
*ग्रामीण बच्चों को मिले समान अवसर*
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन मिले। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों में नई जिज्ञासा जगाते हैं और उनके सपनों को विस्तार देते हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण बच्चों को प्रतिष्ठित संस्थानों से परिचित कराना सराहनीय कदम है।
*केंद्रीय मंत्री व जिपं सदस्य ने बढ़ाया उत्साह*
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य पर फोकस ही उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। वहीं भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने कहा कि आईआईएम और ट्रिपल आईटी देखकर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए नई प्रेरणा मिली है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर ने भी विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
*ग्रामीण प्रतिभा को मंच देना हमारा लक्ष्य*
युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अंतिम गांव में बैठे बच्चे के पास भी उतनी ही प्रतिभा है जितनी शहर के बच्चे के पास। फर्क सिर्फ अवसर और मार्गदर्शन का है। जिला पंचायत सदस्य पायल विश्वविजय तोमर ने 8 शासकीय स्कूलों के 50 विद्यार्थियों का चयन किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईआईएम, ट्रिपल आईटी जैसे राष्ट्रीय संस्थानों से रू-ब-रू कराना है, ताकि वे देख सकें कि उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाएं कितनी बड़ी हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी और राज्य युवा आयोग की योजनाओं से भी अवगत कराया गया। उन्होंने कहा जब एक ग्रामीण बच्चा आईआईएम का कैंपस देखता है तो उसके मन में बड़ा सपना पनपता है। हमारा काम है उस सपने को पंख देना।

Categorized in: