*थाना को दिया आवेदन, नियमित पेट्रोलिंग और कार्रवाई की मांग*
अंबिकापुर। माता राजमोहिनी देवी वार्ड के किसान राइस मिल के पास नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से मोहल्लेवासी परेशान हैं। क्षेत्र के नागरिकों ने थाना प्रभारी गांधीनगर को लिखित आवेदन देकर रोजाना पेट्रोलिंग और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड के विनोद तिवारी, सुनील तिवारी, गणेश पाण्डेय, दिनेश पाण्डेय, आजाद यादव, शैलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य ने बताया कि किसान राइस मिल के आसपास खुले मैदान में रात 8 बजे के बाद नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। यहां शिव मंदिर स्थित होने के कारण महिलाओं और बुजुर्गों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन शराब पीकर बोतलें फोड़ने और हुड़दंग मचाने से क्षेत्र में भय का माहौल है।
आवेदन में कहा गया है कि नशेड़ी सड़क से थोड़ी दूरी पर ही जमा रहते हैं। मार्ग से आने-जाने वाले लोगों पर कमेंट और डराने-धमकाने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। कई बार फोन पर थाने को सूचना दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से इनके हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि कुछ ठेले वाले चाय-नाश्ते की आड़ में नशेड़ियों को पनाह दे रहे हैं। रात 9 बजे तक यहां अच्छी-खासी भीड़ लगी रहती है।
वार्ड के लोगों ने आशंका जताई है कि रिहायशी इलाके में इस तरह का जमावड़ा चिंताजनक है। कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाए और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ठेलों के संचालन का समय भी निर्धारित किया जाए।
बॉक्स
*वार्डवासियों की 3 मुख्य मांगें*
0 क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग हो।
0 नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
0 ठेलों के संचालन का समय निर्धारित हो।

Categorized in: