बिश्रामपुर। जमीन पर सो रहे पति पत्नी की सर्पदंश से मौत हो गई है। लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारिकानगर कोरवापारा निवासी 52 वर्षीय कृपाराम पिता स्व.जूठन बीती रात पत्नी 46 वर्षीय रामकुमारी, पुत्र व दो नाती के साथ रात में भोजन किए। इसके पश्चात पति पत्नी दोनों जमीन पर ही सो गए। इसी बीच रात करीब साढ़े दस बजे पत्नी रामकुमारी की अचानक नींद खुली तो उसने देखा कि एक जहरीला सांप उसके पुत्र के बिस्तर की ओर जा रहा था। तभी महिला द्वारा शोर मचाने परिवार के सभी सदस्य उठे और जहरीले सांप को मारकर उसकी हत्या करके सभी पुनः सो गए। शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पुत्र द्वारा काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला तभी सुबह साढ़े आठ बजे कृपाराम व उसकी पत्नी रामकुमारी दोनों बेसुध होकर जमीन पर ही पड़े रहे। इसी बीच गांव की कुछ महिलाएं जब रामकुमारी को काम पर चलने हेतु उसके घर लेने गई, तब देखा कि दोनों पति पत्नी बेसुध होकर जमीन पर पड़े हुए थे। इसके बाद जब पास जाकर उठाने का प्रयास किए तब पता चला कि दोनों पति पत्नी की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि रात में ही जहरीले सांप द्वारा दोनों पति पत्नी को काट लिया गया था, जिससे दोनों की मौत हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा पीएम उपरांत शव परिजन के सुपुर्द कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Categorized in: