पहली किश्त में नौ हजार लेने का मामला सुर्खियों में आने पर रुपये लौटाया

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथपुर थाना में नवजात की मौत के बाद शोकाकुल पिता को धमका कर एक पुलिस कर्मी ने नौ हजार रुपये वसूल कर लेने का कारनामा कर दिखाया। दो महीने पहले संतोष कुशवाहा के नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का करण हृदयाघात बताया गया था। इस पर वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम कर पुलिस डायरी रघुनाथनगर थाने में भेज दी थी। इसके बाद रघुनाथनगर थाने में पदस्थ नगर सैनिक आशुतोष उपाध्याय के द्वारा बार-बार पीड़ित परिवार से रुपये की मांग करने के कारण मामला तूल पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि नवजात की मौत का दोष पिता पर मढ़कर उस पर दबाव बनाने की कोशिश इन पुलिस कर्मियों के द्वारा किया जा रहा था। रुपये नहीं देने पर नगर सैनिक अपने साथ एएसआइ जाबलून कुजूर को साथ लेकर पीड़ित संतोष कुशवाहा के घर भी पहुंच गया और उसे थाना चलने के लिए कहा। इसके बाद पीड़ित पिता से 20 हजार रुपये की मांग की गई। प्रथम किस्त नौ हजार रुपये एएसआइ जाबलून कुजूर ने पीड़ित पिता से लिए, शेष 11 हजार रुपये एक दिन बाद देने के लिए कहते हुए उसे थाने से छोड़ा गया। मामला मीडिया के संज्ञान में आया तो एएसआइ ने मीडिया के सामने ही पीड़ित पिता से लिए गए नौ हजार रुपये वापस कर खुद की भलमनसाहत को सामने लाने का प्रयास किया। एएसआइ का दुर्भाग्य ही कहा जाए, मामला सुर्खियों में आया और बात पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गई।

एएसआइ निलंबित, विभागीय जांच शुरू
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला डॉ. लाल उमेद सिंह ने रघुनाथ नगर थाना में पदस्थ एएसआइ जाबलुन कुजूर को पैसे के लेन-देन के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच की जा रही है। उन्होंने अवैध रूप से रिश्वतखोरी के मामले में जो भी दोषी होगा उन पर विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात कही है।

Categorized in: