नोडल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस, निर्माण कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने कहा

अंबिकापुर। नगर निगम द्वारा प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर बंद होने से नाराज लोक निर्माण विभाग प्रभारी ने नोडल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। उन्होंने बैठक लेकर सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने निर्देशित किया।

लोक निर्माण विभाग की साढ़े तीन घंटे चली मैराथन बैठक में निगम के अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर बंद पाया गया। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने दिए गए नंबर पर कॉल लगाकर देखा तो नंबर बंद था। इससे नाराज लोक निर्माण विभाग प्रभारी शफी अहमद ने नोडल अधिकारी अभय साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी उपकरणों और मानव संसाधन को हर समय तैयार रखने के लिए निर्देशित किया। बैठक में राज्य और केंद्रीय प्रवर्तित मद, विधायक और पार्षद निधि सहित अन्य योजनाओं के काम की समीक्षा की गई। निगम क्षेत्र के सभी जोन इंजीनियरों को अपने क्षेत्रों की सड़कों के गड्ढों को चिन्हाकित कर जीएसबी मटेरियल और इमल्शन का इस्तेमाल कर भरने कहा गया। इस निर्माण कार्य के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी कर स्वीकृति हो चुकी है, इसे शीघ्र शुरू करने और जिनकी निविदा की प्रक्रिया नहीं हो पाई है, उन कामों का टेंडर अविलंब जारी करने कहा गया है। रिंग रोड में सड़क बत्ती के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है। बैठक में सलाहकार समिति सदस्य पूर्णिमा सिंह, सुनैना सोनी, प्रभारी ईई संतोष रवि, एसडीओ दुष्यंत बजाज समेत पार्षद और निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Categorized in: