संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने गिरफ्तार करके भेजा जेल

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शन के साथ एक और विक्रेता को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल दाखिल कर दिया है। आरोपी स्वयं भी नशा के लिए इंजेक्शन लगाने का आदी है।
जानकारी के मुताबिक संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय में 29 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि घुटरापारा निवासी नरेश गुप्ता अपने घर से नशीला इंजेक्शन बेच रहा है। मुखबिर के सूचना की विश्वसनीयता पर तत्काल सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने घुटरापारा में नरेश गुप्ता के घर में दबिश दी, तो वह भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके पास एक झोले से 10 नग रेक्सोजेसिक और 10 नग एविल इंजेक्शन था। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत गिरफ्तार करके विशेष न्यायालय अंबिकापुर में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ मुख्य आरक्षक कुमारु राम, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं नीरज चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
10 इंजेक्शन में 3-4 का खुद करता था उपयोग
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि गुरूवार को सामने आया मामला पूर्व में की गई कार्रवाई से हटकर है, जो यह बताता है कि कैसे एक इंजेक्शन लगाने वाला व्यक्ति इंजेक्शन का विक्रेता बन जा रहा है। आरोपी ने स्वयं बताया कि वह 10 नशीला इंजेक्शन खरीदता है उसमें से तीन-चार इंजेक्शन खुद लगाता है और बाकी इंजेक्शन को बेचकर जो पैसा आता है, उससे फिर इंजेक्शन खरीदता है ताकि वह इंजेक्शन खुद भी लगा सके। आज की युवा पीढ़ी इसी दलदल में फसती जा रही है। वे पहले इस इंजेक्शन को लगाना शुरू करते हैं, इसके बाद पैसे की किल्लत होने पर बेचना शुरू कर देते हैं या चोरी लूटपाट शुरू कर दे रहे हैं।।

Categorized in: