प्रताडऩा से तंग आकर दो बच्चों के साथ अग्निस्नान की थी महिला, तीनों की हो गई थी मौत
छ.ग.फ्रंटलाइन
जरही/भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना अंतर्गत जरही के शक्तिनगर कॉलोनी में विगत 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे संजीव चौधरी के घर में आग लगने की सूचना पर थाना भटगांव पुलिस मौके पर पहुंचकर पड़ोसियों की सहायता से संजीव चौधरी की पत्नी एवं दोनों आग से झुलसे बच्चों को घर से निकलकर एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराई थी। प्राथमिक उपचार के उपरांत घायलों को बेहतर ईलाज हेतु जीवन ज्योति अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, इलाज के दरम्यान बसंती एवं उसके दोनों बच्चे अनमोल चौधरी व हिमांचल चौधरी की एक के बाद एक मृत्यु हो गई थी। इसके पश्चात मृतिका के स्वजनों ने पति संजीव चौधरी पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए लिखित में शिकायत दर्ज कराई थी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी। मणिपुर चौकी अंबिकापुर में मामला शून्य में कायम कर विवेचना हेतु केस डायरी भटगांव थाना पहुंचा था। भटगांव पुलिस ने प्रथम दृष्टया में जांच के दौरान संजीव चौधरी निवासी जरही के द्वारा एक महिला से मोबाइल से हमेशा बात करने की बात सामने आई थी। दूसरी महिला से बात करने पर बसंती ने पति के समक्ष आपत्ति जताई थी। पुलिस ने जांच में पाया कि संजीव के नहीं मानने तथा पत्नी बसंती से झगड़ा-विवाद करने से प्रताडि़त एवं क्षुब्ध होकर वह अपने दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली थी, जिस पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 65/22 धारा 306 भारतीय दंड संहिता कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने प्रकरण की तत्काल विवेचना करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन पर एसडीओपी प्रतापपुर के मार्गदर्शन में प्रकरण की विवेचना करते हुए आरोपी संजीव चौधरी को बीते 22 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड में जेल भेज गया। प्रकरण की विवेचना में आरोपित संजीव की प्रेमिका के द्वारा आरोपित के साथ मिलकर मोबाइल से षड्यंत्र पूर्वक बात कर आत्महत्या के लिए उकसाना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 120बी जोड़कर प्रेमिका को 23 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड में भेजा गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शरद चंद्रा, उपनिरीक्षक सीपी तिवारी, उपनिरीक्षक बीएम गुप्ता, प्रधान आरक्षक संजय चौहान, आरक्षक रजनीश पटेल, हेमंत सिंह, दीपक सिंह, सुनीला लकड़ा सक्रिय रहे।

Categorized in: