गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग में स्थित कृष्णा हुंडई शोरूम में प्रबंधकीय कार्य देखने वाले युवक को नई-पुरानी गाडिय़ों की बिक्री से प्राप्त रकम में लगभग 94 लाख रुपये की धोखाधड़ी, गबन के मामले में गांधीनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। कृष्णा आटो प्राइवेट लिमिटेड कोरबा के संचालक गौरव मोदी ने गांधीनगर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बताया कृष्णा आटो प्राइवेट लिमिटेड कोरबा के सह संस्थान का संचालन मनेंद्रगढ़ रोड अंबिकापुर में कृष्णा हुंडई के नाम से किया जा रहा है, यहां प्रबंधन का कार्य दीपेश कुमार सिन्हा द्वारा देखा जा रहा था। संस्थान के मुख्य संचालक गौरव मोदी ने पुलिस को जानकारी दी थी कि प्रबंधक दीपेश के द्वारा पांच सितंबर 2019 से 30 नवंबर 2021 के बीच छलपूर्वक नई व पुरानी गाडियों के बिक्री की रकम में करीब 94 लाख रुपये का गबन किया गया है। रिपोर्ट पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ली थी। इधर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने धोखाधड़ी एवं गबन के मामले में आरोपित का पता लगाने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान को टीम गठित करने निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में जांच, विवेचना में लगी पुलिस ने मामले के आरोपित दीपेश कुमार सिन्हा निवासी जयनगर को हिरासत में लिया। आरोपी से घटना के संबध में पूछताछ करने पर सामने आया कि वह कृष्णा हुंडई शो रूम अंबिकापुर में जनरल मैनेजर के पद पर रहकर फर्जी तरीके से विक्रय पर्ची, रकम प्राप्ति की रसीद के साथ ही फर्जी हस्ताक्षर कर अलग-अलग समय पर चार पहिया वाहनों का बिक्री कर नगदी रकम गबन किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान, उप निरीक्षक विजय दुबे, सहायक उपनिरीक्षक विनय सिंह, आरक्षक प्रविन्द्र सिंह, अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, अनुज जयसवाल शामिल रहे।

Categorized in: