घटना स्थल पहुंचीं एडिशनल एसपी

वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर ग्राम पंचायत पार्वतीपुर में कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों द्वारा कार में आग लगाकर एनएच पर चक्काजाम कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर आंदोलन को स्थगित करा आवागमन बहाल कर दिया गया है। गौरतलब है कि जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पार्वतीपुर निवासी 25 वर्षीय भारत चेरवा पिता भरन शुक्रवार की रात करीब साढ़े 9 बजे गांव में ही एनएच 43 पर चौक के पास पहुंचा था। तभी सूरजपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहे वैगन आर कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों द्वारा कार सवारों को रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दिया गया और कार में आग लगाकर चक्काजाम शुरू कर दिया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार की आग को बुझाने का प्रयास करते हुए कार सवार लोगों को मौके से हटा दिया। बताया जा रहा है कि कार सवार अंबिकापुर निवासी कालरी कर्मी अमन बारी अपने साथी अजमन व एक अन्य युवक के साथ सूरजपुर मौसी के यहां घूमने गया था, जो देर रात अपने घर अंबिकापुर वापस लौट रहा था। घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, जयनगर के प्रभारी थाना प्रभारी दिनेश राजवाड़े, बिश्रामपुर थाना प्रभारी केडी बनर्जी, लटोरी चौकी प्रभारी धनन्जय पाठक, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी श्री राठौर, यातायात प्रभारी बृज किशोर पाण्डेय व अन्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित कर एनएच पर आवागमन को बहाल कराया। मामले में अब पुलिस द्वारा विवेचना शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आज ही पार्वतीपुर गांव में गणेश पूजा का विसर्जन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया था, जिस वजह से गांव के लोग नशे में धुत्त थे। नशे में धुत्त लोगों ने ही दुर्घटना उपरांत उक्त आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। 

Categorized in: