अंबिकापुर। थाना कोतवाली एवं साइबर सेल पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामले में दो म्यूल खाताधारक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खाता में धोखाधड़ी व अपराध से सम्बंधित रकम 42 हजार 499 रुपये एवं अन्य खाते में 22 हजार 563 रुपये प्राप्त होने पर यह कार्रवाई की गई। मामले में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी शेष है।

बता दें कि, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के अनुसार फर्जी मोबाइल नम्बरो को जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल्स (पीओएस) एवं म्यूल अकाउंट खाता धारकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के संबंध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में दस्तावेज का अवलोकन करने पर म्यूल एकाउंट के मामले में संबंधित बैंक खाता धारक शुभम यादव के म्यूल खाते के विरुद्ध पुलिस पोर्टल में विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज हुआ था। उक्त खाते में 42499 रुपये छलपूर्वक प्राप्त करने के लिये अपने सीम, बैंक खाता का उपयोग षड्यंत्रपूर्वक करना पाया गया। अन्य बैंक खाता धारक धीरज पाण्डेय के नाम से संचालित है। संबंधित म्यूल खाते के विरुद्ध पुलिस पोर्टल में विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन दर्ज शिकायत के आधार पर 22563 रुपये छलपूर्वक प्राप्त करना और संदिग्ध सीम/म्यूल बैंक खाता का उपयोग करना पाया गया। आरोपी शुभम यादव, धीरज पाण्डेय एवं शिवम यादव, कृष गुप्ता का कृत्य अपराध सदर धारा 318 (4), 317(4), 61(2) बी.एन.एस. का पाये जाने पर थाना कोतवाली में धारा 318 (4), 317(4), 61(2) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। आरोपियों को प्रकरण मे गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, शिव राजवाड़े, मंटूलाल गुप्ता सक्रिय रहे।

एक युवक का मोबाइल फोन भी जब्त

पुलिस टीम ने आरोपित शुभम यादव पिता स्व. संतोष यादव 26 वर्ष निवासी जोड़ा तालाब के पास बाबूपारा, धीरज पाण्डेय पिता चन्द्रमा पाण्डेय 20 वर्ष निवासी मठपारा शिव मंदिर के पास बिलासपुर चौक, शिवम यादव पिता स्व. संतोष यादव 25 वर्ष निवासी जोड़ा तालाब के पास बाबूपारा व कृष गुप्ता पिता शिव प्रसाद शाह 21 वर्ष निवासी मठपारा सिटी बस स्टैंड के पास को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने घटना करना स्वीकार किया। धीरज पाण्डेय ने शिवम यादव, कृष गुप्ता से बातचीत का ऑडियो अपने मोबाइल में होना बताते हुये पेश किया, जिसे पुलिस ने जप्त किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि, शिवम यादव एवं कृष गुप्ता ने आपराधिक षड्यंत्र कर शुभम यादव एवं धीरज पाण्डेय का बैंक खाता खुलवाने हेतु सिम निकलवाने और बैंक खाता खुलवाने, साथ ही खाते में अपराध से संबंधित रकम के लेन-देन में सहयोग किया है।

Categorized in: