मामला वनभूमि में झोपड़ी बनाकर अतिक्रमण का, नोटिस लेने से किया इंकार, 4 लोगों के विरूद्ध केस दर्ज


अंबिकापुर। परिसर रक्षक महावीरपुर में वनपाल के पद पर कार्यरत महिला व सुरक्षा श्रमिकों को टांगी, डंडा लेकर दौड़ाने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के 4 लोगों के विरूद्ध केस दर्ज किया है। घटना के समय मौके पर उप वनपरिक्षेत्रपाल भी मौजूद थे। सभी खुद को खतरे में देखकर थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
ग्राम अजिरमा में रेलवे स्टेशन के पास ऊपरपारा में रहने वाली वनपाल कान्ता मिंज ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 30 जुलाई को ग्राम कोलडीहा में वन अपराध प्रकरण का नोटिस तामिल करते हुए वन क्षेत्र का भ्रमण कर रही थी। इस दौरान वह मुकेश कुमार यादव के घर पहुंचकर वनभूमि में अवैध कब्जा का तीसरा नोटिस तामिल करा रही थी, लेकिन इन्होंने नोटिस लेने में इन्कार कर दिया। इनके द्वारा वन भूमि में झोपड़ी बनाया गया है, जिसे बनाने के लिए पहले भी मना किया गया था। अवैध निर्माण को वन विभाग के श्रमिकों ने हटाने का प्रयास किया, इस दौरान मुकेश यादव व उसके पिता रामलोचन यादव, मोहरमनिया व राजेश ऊर्फ पण्डा यादव ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया, और जान से मार देने की धमकी देने लगे। इनके द्वारा अपमानजनक शब्दों का उपयोग करके शासकीय कार्य में बाधा तो पहुंचाया ही गया, मुकेश यादव व अन्य टांगी, डण्डा लेकर उन्हें दौड़ाने लगे। इन्होंने सुरक्षा श्रमिकों को काट देने की धमकी देते हुए हमला करने की कोशिश किया। इसके बाद सुरक्षा श्रमिकों के साथ वनपाल स्वयं को बचाते मौके से भाग गया। इस दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी धीरेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: