कलेक्टर से शिकायत, मामला ऋण पुस्तिका के एवज में रुपये की मांग से जुड़ा

बलरामपुर। ऋण पुस्तिका के एवज में तहसील की एक महिला कर्मचारी द्वारा एक हजार रुपये की मांग करने का ऑडियो रिकॉर्डिंग जमकर वायरल हो रहा है। इधर जिले के पस्ता निवासी प्रदीप गुप्ता ने बलरामपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि डौरा तहसील में धारा 107/16 के तहत पस्ता के हुकुमचंद का वह जमानदार बना था। इसके बाद ऋण पुस्तिका तहसील कार्यालय में जमा था। इसे लेने के लिए वह तहसील कार्यालय पहुंचा, तो ऋण पुस्तिका के एवज में तहसील में सेवारत महिला लिपिक ने एक हजार की मांग की। अन्य लोगों से भी जमा ऋण पुस्तिका देने के एवज में एक-एक हजार रुपये की मांग की जा रही थी, इसका कुछ लोग विरोध कर वीडियो बना रहे थे। महिला कर्मचारी की नजर मोबाइल फोन पर पड़ी और वह आग बबूला हो गई। उसने वीडियो बना रहे व्यक्ति को धमकाना शुरू कर दिया। रिकॉर्डिंग में साफ तौर पर मैडम कहते नजर आ रही है कि मैं आपको गिरफ्तार करवा सकती हूं, आपका केस इस तहसील कार्यालय में चल रहा है। मैं जो केस दो महीने में खत्म होगा, उसे लंबा खिंचवाऊंगी, तत्काल तहसीलदार मैडम से शिकायत करुंगी और आपको जेल भेजूंगी, जैसे धमकी भरे लहजे का यह रिकार्ड किया गया स्वर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पूर्व में भी इसकी शिकायत की गई लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। एक बार फिर उन्होंने कलेक्टर से चर्चा करके आवेदन पत्र एवं रिकॉर्ड की गई बातों की क्लिपिंग को दिया है, अब कार्रवाई का इंतजार है।

शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच किया गया, जांच प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जांच प्रतिवेदन कलेक्टोरेट कार्यालय भेजा जा रहा है।
करूण कुमार डहरिया, एसडीएम बलरामपुर

Categorized in: