अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरी कालापारा के गवंटिया किसान की पुलिस की जांच कार्रवाई के बीच जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि महिला प्रधान आरक्षक के द्वारा कड़े लहजे में बात करते हुए अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा था व जेल में सड़ा देने की धमकी दी जा रही थी, इसके बाद वे जमीन पर ही गिर गए थे। स्वजन महिला प्रधान आरक्षक को निलंबित करने की मांग पर अड़े थे। बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए शव को ले गए। वहीं पुलिस अधिकारी इस घटनाक्रम को एक संयोग मान रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक ग्राम सुखरी कालापारा के प्रतिष्ठित किसान, लेम्प्स सदस्य व शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्रीराम राजवाड़े का परिवारिक जमीन विवाद चल रहा है। यह मामला गांधीनगर थाना तक पहुंचा था। इसी मामले को लेकर गांधीनगर थाना की महिला प्रधान आरक्षक वीणा रानी तिर्की जांच में गांव पहुंची थी। कथित रूप से किसान श्रीराम सुंदर राजवाड़े से पुलिसिया रौब में प्रधान आरक्षक ने कड़े लहजे में बात किया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जेल में सड़ा देने की धमकी दी। सार्वजनिक रूप से खुद को अपमानित महसूस कर रहे श्रीराम राजवाड़े वहीं जमीन पर गिरकर बेहोश गए थे। स्वजन उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंच पाते, इसके पहले उनकी सांस थम गई थी। चिकित्सक के द्वारा उन्हें मृत घोषित करने के बाद स्वजन आक्रोशित हो गए। इनका आरोप था कि गांधीनगर थाना की महिला प्रधान आरक्षक के अपमानजनक व्यवहार के कारण ही उनकी मौत हुई है। स्वजन के द्वारा लगातार प्रधान आरक्षक के निलंबन की मांग की जा रही थी। मौके पर किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नहीं पहुंचने से इनका आक्रोश बढ़ते गया, और वे शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए।
घटना दु:खद, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने कांग्रेस करेगी उग्र आंदोलन-राकेश गुप्ता

घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित अन्य अस्पताल पहुंच कर पूरे मामले से अवगत हुए और घटना को लेकर दु:ख व पुलिसिया व्यवहार को लेकर क्षोभ व्यक्त किया है। स्वजन की सूचना पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष विनय शर्मा बंटी, जिला महामंत्री अरविंद सिंह गप्पू, नुरुल सिद्दीकी, शैलेन्द्र सोनी, आशीष वर्मा, रजनीश सिंह, नितीश चौरसिया, आतिश शुक्ला सहित कांग्रेसजन अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा है कि नया कानून लागू होने के साथ महिला पुलिसकर्मी के अव्यवहारिक बर्ताव के बीच ग्राम सुखरी कालापारा के गवंटिया श्रीराम सुंदर राजवाड़े की हार्टअटैक से मौत बेहद दु:खद, अमानवीय है। उन्होंने कहा है पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। जिला कंग्रेस अध्यक्ष ने घटना की जांच करा दोषी पुलिस कर्मी पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा संसद में विपक्ष के सांसदों को निलंबित कर नया कानून पास कराया गया, उसका दुष्परिणाम आना शुरू हो गया है। देश के कई राज्यों में इस कानून को निलंबित रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या चिंतामणि महराज जो स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं, क्या वे सामने आकर यह कह सकते हैं कि नया कानून आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लिए उपयोगी है? उन्होंने दो दिन में जांच पूरी कर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में स्वजन के साथ उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

Categorized in: