खाद्य सुरक्षा पर बड़ी कार्रवाई, विभिन्न प्रतिष्ठानों से वसूला गया 1.08 लाख रुपये जुर्माना

अंबिकापुर। कलेक्टर अजित बसंत के निर्देशानुसार संभाग मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य विभाग के नोडल अधिकारी नितेश मिश्रा के नेतृत्व में तहसीलदार एवं नगर निगम की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण कर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान नया बस स्टैंड स्थित शिवम् डेली नीड्स, प्रोप्राइटर रमेश गुप्ता के प्रतिष्ठान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री विक्रय किए जाने की शिकायत सही पाई गई। मौके पर लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य की एक्सपायरी सामान बरामद करके इसे तत्काल नष्ट कराया गया। संबंधित प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा प्रकरण दर्ज कर विक्रय पर रोक लगाई गई। इस प्रतिष्ठान में फफूंद लगी और खाद्य व पेय पदार्थों में वर्णित कालातीत तिथि को सुधारकर बिक्री करना पाया गया। इसके पश्चात टीम द्वारा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में भी निरीक्षण किया गया, जहां महामाया भोजनालय में गंदगी पाए जाने पर 10 हजार रुपये, शिवम स्वीट्स में 5 हजार रुपये, मंगली भोजनालय में 5 हजार रुपये, शिवम् भोजनालय में 3 हजार रुपये, सुदामा होटल में 10 हजार रुपये तथा मिश्रा स्वीट्स (गुदरी) में 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रतापपुर चौक स्थित रुचिवन में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ पाए जाने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। रुचिवन एवं शिवम् डेली नीड्स के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को साफ-सफाई एवं खाद्य गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं तथा आमजन से भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है।

15 दिवसीय सघन जांच अभियान में 13 दवा दुकानों की जांच, 2 पर कार्रवाई
नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर, अंबिकापुर के निर्देशानुसार जिले में 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान ‘सही दवा शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधारÓ थीम पर आधारित है। अभियान के प्रथम चरण के तृतीय दिवस, 29 अप्रैल को जिले में कुल 13 थोक एवं फुटकर औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान औषधियों एवं प्रसाधन सामग्री के भंडारण, रख-रखाव, सीसीटीवी व्यवस्था तथा क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही, दवाओं को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। जांच दौरान 02 औषधि प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। निरीक्षण टीम द्वारा सभी औषधि विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि, वे केवल अधिकृत दवा कंपनियों के डिपो से ही दवाओं की खरीदी सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, थोक दवा विक्रेताओं को प्रतिमाह नारकोटिक एवं अन्य राज्यों से खरीदी गई दवाओं के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले में दवा आपूर्ति की प्रभावी निगरानी की जा सके।

Categorized in: