भाजपा ने डाक मतपेटियों व ईवीएम में गड़बड़ी का जताया अंदेशा

अंबिकापुर। भाजपा ने डाक मतपत्रों में गड़बड़ी का अंदेशा जताया है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने कहा कि जिले में भूपेश बघेल सरकार के दो-दो मंत्री हैं। इनके दबाव में पोस्टल बैलेट व ईवीएम में गड़बड़ी की जा सकती है। डाक मतपत्रों को ट्रेजरी में असुरक्षित तरीके से रखा गया है, जहां निरंतर लोगों का आना-जाना होता है, यहां सुरक्षा का किसी प्रकार का पुख्ता बंदोबस्त नहीं है। डाक मतपत्र को स्ट्रांग रूम में रखने की मांग की गई है।
इसके अलावा उन्होंने स्ट्रांग रूम में रखे ईवीएम की सुरक्षा को सवालों के घेरे में लेते हुए कहा है कि सीसीटीवी में सिर्फ सुरक्षा घेरे में स्ट्रांग रूम नजर आता है। अंदर ईवीएम किस हाल में छोड़े गए है, यह देखने को नहीं मिलता है। जाली लगाकर सुरक्षा घेरा बना देने मात्र से ईवीएम की सुरक्षा की पुष्टि नहीं की जा सकती है। उन्होंने सरकार के दबाव में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरगुजा का ध्यानाकर्षण इस ओर ज्ञापन सौंपकर कराया है।

ट्रेजरी की जगह डाक मतपत्रों को रखें स्ट्रांग रूम में, सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन

डाक मतपत्र पेटियों की सुरक्षा बढ़ाने को लेकर भाजपा सरगुजा ने कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व व भाजपा लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रबोध मिंज व भाजपा अंबिकापुर विधानसभा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर बैलेट पेपर द्वारा हुए मतदान की मत पेटियों की सुरक्षा बढ़ाने तथा मत पेटियों को स्ट्रांग रूम में संधारित करने की मांग की।
ज्ञापन में भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने बताया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव 2023 में चुनाव ड्यूटी तथा आवश्यक सेवा में नियुक्त शासकीय कर्मचारियों हेतु बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान की व्यवस्था की गई थी। इसके अतिरिक्त 80 वर्ष से अधिक एवं विकलांग मतदाताओं हेतु भी बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान की विशेष व्यवस्था की गई। बैलेट पेपर से हुए मतदान की मतपत्र पेटियों को प्रत्येक जिला मुख्यालय की ट्रेज़री में संधारित किया गया है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि ट्रेजरी में अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही अत्यधिक है, जिस कारण इन मतपत्रों में हेराफेरी की प्रबल आशंका है। इसके अतिरिक्त कांग्रेस के पक्ष में पूर्वाग्रह से ग्रसित कुछ अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा मत पत्रों में अनधिकृत हस्तक्षेप किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में इन मतपत्रों की सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाकर तथा सीसीटीवी कैमरा लगाकर सुरक्षा बढ़ाने की आवश्यकता है। साथ ही यह आवश्यक है कि इन मत पत्रों को ट्रेजरी के स्थान पर स्ट्रांग रूम में संधारित किया जाए। ज्ञापन सौंपने वाले भाजपा प्रतिनिधि मंडल में भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ नेता करता राम गुप्ता, आलोक दुबे, धनीराम यादव, अभिषेक शर्मा, रुपेश दुबे, विश्व विजय सिंह तोमर, चंदन शुक्ला सहित अन्य उपस्थित रहे।

Categorized in: