रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ा तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महंगाई भत्ता (DA) में वृद्धि करने की घोषणा की है। सीएम ने दो फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की है। इस वृद्धि के बाद अब राज्य के कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो केंद्र सरकार के बराबर होगा।

इससे पहले छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार ने लाखों कर्मचारियों को होली पर बड़ा तोहफा दिया था। उस समय विष्णु देव साय की सरकार ने राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते को 53 प्रतिशत किए जाने की अपनी घोषणा को पूरा किया था। वहीं, अब फिर से इसमें बढ़ोत्तरी का ऐलान किया गया है।

सरकार की इस घोषणा के बाद प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। सरकार ने शासकीय सेवकों को फेस्टिवल सीजन से पहले ये बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार के इस फैसले का असर राज्य के करीब 3 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को होगा। अभी तक राज्य के कर्मचारियों को 53 फीसदी मंहगाई भत्ता मिलता था लेकिन सीएम की घोषणा के बाद अब राज्य के कर्मचारियों को 55 फीसदी मंहगाई भत्ता मिलेगा।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “भारत सरकार 55 फीसदी महंगाई भत्ता दे रही है। छत्तीसगढ़ में हम 53 फीसदी मंहगाई भत्ता दे रहे हैं। दिवाली का त्यौहार भी नजदीक आ रहा है। अब हम घोषणा कर रहे हैं कि हम राज्य कर्मचारियों को 55 फीसदी महंगाई भत्ता देंगे।”

सातवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। जबकि छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। यह वृद्धि 1 मार्च 2025 से प्रभावी हुई थी और इसका भुगतान मार्च 2025 के वेतन के साथ अप्रैल माह में शुरू हुआ था।

 

Categorized in: