girija thakur

अंबिकापुर। अंबिकापुर और इसकी परिधि के उत्तरी छत्तीसगढ़ पर अप्रैल का महीना एक मिश्रित जलवायु की छाप छोड़ कर आगे बढ़ गया। अमूमन अप्रैल का पूर्वार्ध मार्च के उत्तरार्ध के तपिश का अवलम्बन करता हुआ आगे बढ़ता है और अपने उत्तरार्ध की अवधि में वायुमंडल की तापीय ऊर्जा को 40 डिग्री सेल्सियस के पार तक ले जाता है, परंतु अप्रैल में कभी भी एकतरफा तापमान वृद्धि नहीं देखी जाती। इस माह में पछुआ की आवृत्ति 5 से 6 तक रहती है, जो अपने साथ तीव्र वायु झंझा, गरज-चमक के साथ ओला युक्त वृष्टि करती है, जिससे उत्तरोत्तर बढ़ते दैनिक तापमान पर अंकुश लगता है और उत्तरी छत्तीसगढ़ का वातावरण शीतलता हो कर सुहावना बन जाता है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने बताया यदि पिछले 50-55 वर्षों के अप्रैल के मासिक औसत अधिकतम तापमान पर नजर डालें तो पाते हैं कि अप्रैल का औसत अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, न्यूनतम 21.2 डिग्री और औसत वर्षा 15.8 मिमी होती है। 2024 में अप्रैल में अंबिकापुर का औसत तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस (-0.9 डिग्री सेल्सियस), न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस (-1.0 डिग्री सेल्सियस) और कुल वर्षा 14.5मिमी (-1.3 मिमी) दर्ज की गई। अप्रैल में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस (07 अप्रैल) से 40.5 डिग्री सेल्सियस (19 अप्रैल) के बीच रहा। 07 अप्रैल के लगातार 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जो हमारे शरीर के तापमान से अधिक था, लिहाजा हमें वायुमंडलीय तपिश महसूस कराने में सक्षम था। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच विचलित होता रहा। परंतु अप्रैल के पहले सप्ताह में सक्रिय हुए एक ताकतवर पछुआ के झोकों का व्यापक प्रभाव दिखा, जिससे उत्तरी छत्तीसगढ़ के सभी इलाकों में 6 व 7 अप्रैल को व्यापक वर्षा और ओलावृष्टि हो गई और वायुमंडल में त्वरित शीतलता से अधिकतम तापमान गिर कर 26.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस समय गर्मी से व्याकुल लोग जो पंखे, कूलर और एसी की शरण में जा चुके थे, उन्हें गर्म कपड़ों की आवश्यकता महसूस हुई थी। पछुआ का प्रभाव कम होते ही तापमान पुन: बढ़ने लगा था और 19 अप्रैल को उच्चतम मासिक 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस समय न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया था और उच्चतम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। इस दौरान कुछ कमजोर पछुआ अवश्य प्रभावी हुए पर वे उत्तरी छत्तीसगढ़ तक अपनी ऊर्जा पहुंचा पाने में सक्षम नहीं रहे। 20 अप्रैल के बाद अल्प अंतराल में त्वरित 3 पश्चिमी विक्षोभ मध्य भारत पर प्रभावी हुए, जिसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ पर सूर्य किरणें अपनी रौद्रता के प्रयास में सक्षम नहीं हो पाई और 40 डिग्री सेल्सियस की सीमा में ही सिमटी रही। कुछ अवसरों पर बादलों की मोटी परतों के उपस्थिति के कारण रातें अवश्य 23 डिग्री सेल्सियस तक गर्म रहीं और रात में वातावरण की तीक्ष्ण उष्णता की अकुलाहट का अनुभव कराती रही।
तापमान-30/04/2024
अधिकतम तापमान- 39.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 22.6 डिग्री सेल्सियस
वर्षा- 0.0 मिमी
अंबिकापुर का मई माह में जलवायु लक्षण
इस माह में अंबिकापुर में सर्वाधिक गर्मी पड़ती है तथा सबसे अधिकतम तापमान भी अभिलेखित किया जाता है। सतही हवाएं सामान्यत: शांत से आती हैं। कभी-कभी दोपहर के बाद हवा के तेज हो जाने से दिन असुविधाजनक हो जाते हैं। गर्जन की घटना के साथ हल्की वर्षा से तापमान में कमी आती है, जिसकी वजह से राहत महसूस होती है। यह घटनाएं सामान्यत: स्थानीय निम्नदाब के कारण, हवा का बदलाव या कभी-कभी उत्तरी भारत से होकर जाने वाले पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से होती है। मई माह का अंबिकापुर का औसत अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहता है तथा औसत न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जिससे रातें असुविधाजनक होती हैं। अंबिकापुर शहर कभी-कभी लू से प्रभावित होता है। कभी-कभी अंबिकापुर नगर में अधिकतम तापमान औसत तापमान में 4.5-6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर लू एवं अधिकतम तापमान औसत तापमान से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उसने अधिक होने पर तीव्र लू का प्रभाव होता है। यह माह सामान्यत: शुष्क रहता है। इस माह में सबसे अधिकतम तथा न्यूनतम आर्द्रता 42 प्रतिशत से 28 प्रतिशत के बीच होती है। माह की औसत वर्षा 20.7 मि.मी. तथा वर्षा के दिनों की औसत सं. 2.1 दिन है। गर्जन होने वाले दिनों की औसत संख्या 0.7 है, जो सामान्यत: अल्पकालीन झंझा से जुड़ी हुई होती है।
उपलब्ध अभिलेख के आधार पर अंबिकापुर में यह माह
* उच्चतम अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस 25 मई 2013 को दर्ज किया गया।
* निम्नतम न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस 04 मई 1987 को दर्ज किया गया।
* सर्वाधिक कुल मासिक वर्षा 140.8 मि.मी. मन 1990 को दर्ज किया गया।
* 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 58.4 मि.मी. 25 मई 1999 को दर्ज किया गया।

Categorized in: