10 लाख रुपये व सोने की मोहर के लिए बना रहे थे दबाव  

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोलडीहा में नवविवाहिता के द्वारा फांसी लगाकर की गई खुदकुशी के मामले में पुलिस ने पति, सास, ससुर के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। मृतिका यशोदा यादव 20 वर्ष के द्वारा की गई खुदकुशी के मामले में पुलिस मर्ग जांच दौरान मृतिका के स्वजनों का बयान दर्ज की थी, जिसमें दहेज की मांग कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बातें सामने आई थी। मामले में पुलिस ने अशोक कुमार यादव पिता अयोध्या प्रसाद 25 वर्ष निवासी ग्राम बदौली थाना राजपुर की रिपोर्ट पर धारा 304 बी, 34 का अपराध पंजीबद्ध किया था।


जानकारी के मुताबिक मृतिका यशोदा यादव का विवाह 02 मई 2023 को ग्राम कोल्डीहा निवासी विजय यादव से हुआ था। शादी के एक माह बाद से ही उसे सास, ससुर व पति शादी में दिए गए सोने का मोहर, अंगूठी, मोटरसाइकिल हेतु दिए गए रकम से असंतुष्ट होकर मायके से चार पहिया वाहन के लिए 10 लाख रुपये एवं 10 ग्राम का सोने का मोहर की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। दहेज के लिए प्रताड़ना व मारपीट की जानकारी मृतिका मायके वालों को दी थी। इसके बाद 31 दिसंबर 2023 को मायके से पहुंचे स्वजन यशोदा को अपने साथ ले गये थे। 15 जनवरी 2024 को मृतिका के पति व बड़े ससुर अपनी जवाबदारी पर उसे ससुराल लेकर आ गए। अगले दिन वह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने मृतिका के पति विजय लाल यादव, ससुर सियाराम यादव, सास रूकमनिया यादव के विरूद्ध नामजद अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Categorized in: