दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने एक इंटरव्यू के दौरान सरकार को घेरते हुए ऐसी टिप्पणी कर दी जिससे सियासी बवाल खड़ा हो गया है। संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर पर बहस से ठीक पहले कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री के एक बयान ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। चिदंबरम ने एक इंटरव्यू में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सवाल उठाए कि क्या हमले में शामिल आतंकी वाकई पाकिस्तान से आए थे? क्या इस बात के सबूत हैं? उन्होंने यह भी कहा कि हमले में घरेलू आतंकी भी हो सकते हैं। इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और आरोप लगाया कि वह हमेशा दुश्मनों की तरफदारी करती है और पाकिस्तान को क्लीन चिट देती है। पी. चिदंबरम ने एक इंटरव्यू में कहा कि सरकार यह साफ नहीं कर रही कि नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने हमले के बाद क्या काम किया है।

इसी दौरान चिदंबरम ने ये भी कहा कि क्या सरकार ने आतंकियों की पहचान की है? क्या यह पक्का है कि वे पाकिस्तान से ही आए थे? इसके साथ ही चिदंबरम ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए नुकसान छिपाने का भी आरोप लगाया। चिदंबरम ने कहा कि जंग में दोनों पक्षों को नुकसान होता है। ब्रिटेन ने वर्ल्ड वॉर में रोजाना अपने नुकसान बताए। भारत को भी ऐसा करना चाहिए। सरकार सब कुछ छुपा रही है।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जब पीएम मोदी देश को संबोधित कर सकते हैं, रैलियों में भाषण दे सकते हैं, तो संसद में क्यों नहीं बोल रहे? चिदंबरम ने यह भी आरोप लगाया कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा खुद भारत ने नहीं बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी। क्या सरकार इस पर चर्चा से घबरा रही है?

भाजपा का पलटवार
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चिदंबरम वही नेता हैं जिन्होंने भगवा आतंक का झूठ फैलाया। अब फिर पाकिस्तान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर बार पाकिस्तान समर्थित आतंक पर सवाल उठाने की जगह उसे बचाने में जुट जाती है। मालवीय ने आगे कहा कि जब भी भारत पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करता है, कांग्रेस के नेता इस्लामाबाद के बचाव में खड़े नजर आते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

संसद में इस मुद्दे को उठाया जाएगा
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़ी दिखती है, चाहे वो मुंबई हमले हों या सर्जिकल स्ट्राइक या अब पहलगाम हमला। उन्होंने कहा कि संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

Categorized in: