सरगुजा लोकसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित होने के बाद शशि सिंह पत्रकारों से हुई रूबरू  

अंबिकापुर। कांग्रेस ने सरगुजा लोकसभा सीट से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा के द्वारा प्रत्याशी की घोषणा करने के बाद से ही कांग्रेस से किसका चेहरा पार्टी  सामने लाएगी, इसे लेकर जुबानी कयास लगाए जा रहे थे। कांग्रेस ने देर से ही सही जनमानस के सामने नया, युवा नेत्री का चेहरा सामने लाया है। सरगुजा लोकसभा से उम्मीदवार की घोषणा के बाद कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व विधायक व मंत्री शेर-ए-प्रेमनगर स्व. तुलेश्वर सिंह की पुत्री शशि सिंह, जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बुधवार को पत्रकारों से रूबरू हुईं।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित दिग्गज नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए शशि ने कहा कि देश को आगे लेकर कांग्रेस पार्टी ही जा सकती है। सरगुजा लोकसभा सीट में 20 वर्षों से भाजपा से चुने गए सांसद जमे रहे, लेकिन इन्होंने लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए कोई प्रयास नहीं किया। केन्द्र की एनडीए सरकार 10 वर्ष में चंद उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का काम की है। शशि सिंह ने आगे कहा कि पार्टी के नेताओं द्वारा उन्हें सरगुजा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का मौका पार्टी ने जिस भरोसा के साथ दिया है, उस पर खरा उतरते हुए इस सीट को वे कांग्रेस के झोली में डालेंगी। जल, जंगल व जमीन की आवाज संसद तक उठाएंगी। उन्होंने कहा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देश को एक सूत्र में पिरोने के जिस उद्देश्य को लेकर न्याय यात्रा निकाले थे, इसे ध्यान में रखते हुए वे किसानों, युवाओं, वंचितों एवं महिलाओं तक जाएंंगी और वर्तमान केन्द्र सरकार की कारगुजारियों को सामने लाएंगी। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बने कार्यकर्ताओं में उत्साह को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार सिर्फ सरगुजा नहीं देशभर में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने पांच साल में बहुत कुछ किया। महिलाओं, युवाओं के लिए रोजगार का मार्ग प्रशस्त किया। कांग्रेस गरीब परिवार की महिलाओं को साल में एक लाख रुपये देने का घोषणा की है। भाजपा ने एक हजार रुपये हर महिला को देने के लिए कहा लेकिन कइयों के खाते में एक हजार रुपये नहीं पहुंचा। भाजपा की सोच 400 के पार जाकर लोकतंत्र को खत्म करने की है। देश के दो मुख्यमंत्री को छलपूर्वक जेल भेज दिया गया। उनकी सोच देश को बचाने और विकासशील बनाने की होगी। वे ऐसा काम करेंगी, जिससे लोगों को और पार्टी को गर्व हो। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा संविधान को तोड़-मरोड़कर बदलने का प्रयास कर रही है। ऐसे में चर्चा यह होने लगी है कि देश में आगे चुनाव होगा भी या नहीं। द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा लोकसभा चुनाव में भाजपा के फील गुड का रथ रूकेगा। पत्रकारों को अजय अग्रवाल, शफी अहमद, बालकृष्ण पाठक व द्वितेन्द्र मिश्रा ने भी संबोधित किया तथा आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने का भरोसा जताया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, पूर्व विधायक पारसनाथ पैकरा, हेमन्त सिन्हा, राजेंद्र तिवारी, हेमंत तिवारी, अशफाक अली, अरविंद सिंह गप्पू सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अपोजिशन का पैर काटने में लगी केंद्र सरकार-आदित्येश्वर
जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर सिंहदेव ने कहा देश के भविष्य को देखते हुए लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। मणिपुर, लद्दाख व अन्य प्रदेशों में स्थिति खतरनाक हो चुकी है। लोकतंत्र समाप्त हो गया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था से ध्यान भटकाने का काम केंद्र की सरकार कर रही है। दो मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों को जेल में रखा गया है। अपोजिशन का पैर काटने में केंद्र की सरकार लगी है। इलेक्टोरल बांड अब तक का सबसे बड़ा स्कैम है, जो जनता के सामने आ चुका है। कई कंपनियों ने प्राफिट कई गुना अधिक राशि एनडीए सरकार को करोड़ों में भेंट किया है। जिन्होंने चंदा नहीं दिया वे ईडी के घेरे में हैं। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद अब तक चुनाव हो जाना चाहिए था, मगर वह नहीं हो सका।

देश में चर्चा अंतिम चुनाव की हो रही-अजय अग्रवाल
नगर निगम के सभापति अजय अग्रवाल ने कहा एक तरफ मोदी का झूठ, दूसरी तरफ कांग्रेस का भारत जोड़ो न्याय यात्रा जनता के सामने है। अभी तो हालात ऐसे हैं कि किसी वर्ग को न्याय नहीं मिल पा रहा है। भाजपा की एनडीए सरकार ने जितने घोटाले देश में नहीं हुए। अडानी-अंबानी को देश का मालिक बनाया जा रहा है। देश में चर्चा अंतिम चुनाव की होने लगी है, मोदी हिटलर बनकर बैठे हैं। जनता इनके रूख को देखकर जान चुकी है धार्मिक उन्माद फैलाकर देश को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है। लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा सरगुजा की जनता ने भाजपा के चार सांसदों को अपनी आवाज संसद तक पहुंचाने का मौका दिया लेकिन चारों जनता के बीच से गायब रहे। कांग्रेस ने इस बार ऊर्जावान, युवा नेतृत्व शशि सिंह को लोकसभा चुनाव में मैदान में उतारा है।

ईडी की सूची से कैसे हटा चिंतामणि महराज का नाम-शफी  
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने कहा कि सरगुजा लोकसभा से शशि सिंह को प्रत्याशी घोषित किए जाने से कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उत्साहित है। लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस से पिछले 20 वर्षों से काम करने का मौका नहीं मिला इसलिए जनहित की आवाज दबर हुई है। इस आवाज को संसद में शशि बुलंद करेंगी। उन्होंने भाजपा की ओर से घोषित किए गए सांसद प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में सामरी विधायक तथा संस्कृत बोर्ड के अध्यक्ष रहे चिंतामणि महाराज का नाम ईडी की जांच रिपोर्ट में था, मगर कांग्रेस छोड़कर भाजपा प्रवेश करने और प्रत्याशी बनने के साथ उनका नाम जांच सूची से गायब हो गया। उन्होंने कहा भाजपा में जाते ही इनके पाप धुल गए। उन्होंने कहा सबके सामने लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। विपक्षियों को ईडी के माध्यम से दबाने का कुचक्र चल रहा है। विकासशील देश से भारत बाहर हो गया है, यह चिंता का विषय है।

Categorized in: