अंबिकापुर। शहर का चौपाटी अब चकाचक होगा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के व्यक्तिगत प्रयास से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से एक करोड़ रुपये नगर पालिक निगम को इस कार्य हेतु प्रस्तावित किया गया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के प्रयास पर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से एक करोड़ रुपये इस कार्य हेतु उपलब्ध कराया है। चौपाटी में कार्यों को प्रारंभ करने एवं उसकी कार्ययोजना बनाने सोमवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर एवं महापौर डॉ. अजय तिर्की ने चौपाटी का निरीक्षण किया। जिपं उपाध्यक्ष की व्यक्तिगत रुचि चौपाटी के उन्नयन की रही है, वे कई बार चौपाटी का निरीक्षण करके वहां की कमियों का आंकलन कर चुके थे। इस आधार पर उन्होंने चौपाटी के उन्नयन की प्राथमिकताएं तय की थी। उन्होंने बताया कि एक करोड़ रुपये से चौपाटी में मॉड्युलर गुमटियों का निर्माण किया जाएगा, फ्लोरिंग में सुधार किया जाएगा। अंदरुनी व बाहरी ड्रेनेज सिस्टम में सुधार एवं अवशिष्ट निपटारा तंत्र स्थापित होगा। दुकानों में वॉटर सप्लाई की सुविधा रहेगी। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि चौपाटी के उन्नयन एवं सफाई व्यवस्था को कार्यान्वित करने के लिए ड्राइंग, डिजाइन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पूरे काम को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए नगर निगम तत्पर है।  इस दौरान विवेक सिंह, शुभम जायसवाल, मिथुन सिंह सहित नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद था।

पहले महिला मोबाइल मेडिकल यूनिट का लोकार्पण
दाई-दीदी मोबाइल क्लिनिक योजना के तहत अंबिकापुर नगर-निगम के पहले महिला मोबाइल मेडिकल यूनिट का लोकार्पण सोमवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव एवं महापौर डॉ. अजय तिर्की ने किया। नगर निगम क्षेत्र के लिए कुल दो यूनिट मोबाइल मेडिकल यूनिट की स्वीकृति है, जिसमें से पहले यूनिट का लोकार्पण गांधी स्टेडियम में किया गया। छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा महिलाओं को लक्ष्य कर प्रारंभ की गई इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को इस मोबाइल यूनिट में सभी प्रकार की प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त प्राप्त होंगी। यह मोबाइल यूनिट शहर के विभिन्न हिस्सों में कंैप करके महिलाओं का इलाज करेगी। यूनिट में खून-पेशाब जांच के सैंपल लिए जाएंंगे। महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को स्पष्टत: व्यक्त करने में झिझक महसूस करती हैं, इसे ध्यान रखकर पूरा स्टाफ महिलाओं का रहेगा। इस यूनिट में प्राथमिक जांच के साथ ही स्तन कैंसर जैसी बीमारियों के प्राथमिक जांच की व्यवस्था भी की गई है। जिपं उपाध्यक्ष एवं रेडक्रॉस सोसायटी अंबिकापुर के प्रमुख आदित्येश्वर ने जानकारी दी कि मोबाइल यूनिट में ओपीडी रुम की व्यवस्था होगी, यहां पर 41 प्रकार के जांच होंगे और 140 से अधिक दवाएं मुफ्त दी जाएंंगी। महापौर ने बताया कि मोबाइल यूनिट सप्ताह के सातों दिन निगम क्षेत्र के सभी मोहल्लों में अधिकतम छह घंटे कंैप कर सेवाएं देगी।

Categorized in: