मैनपाट से पैदल निकले बच्चों से मुलाकात करने कलेक्टर पहुंचे नवानगर
* 400 से अधिक बच्चेे पैदल चलते पहुंचे थे नवानगर, कलेक्टर ने बस से वापस भेजा
* विद्यालय की मॉनिटरिंग हेतु नायब तहसीलदार होंगे नोडल, पुलिस अधिकारियों को प्रभारी प्राचार्य के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश
* कलेक्टर ने बच्चों को अनुशासित होकर पढ़ाई करने किया प्रोत्साहित

अंबिकापुर। मैनपाट विकासखंड के एकलव्य विद्यालय के प्रभारी उप प्राचार्य के विरूद्ध अभद्रता व अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को 400 से अधिक बच्चे सरगुजा कलेक्टर से शिकायत करने पैदल निकल लिए। मैनपाट के तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी बच्चों को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन अडिग बच्चे पैदल मार्च करते नवानगर तक पहुंच गए थे। कलेक्टर विलास भोस्कर को जैसे ही बच्चों के पैदल कलेक्टोरेट आने की जानकारी मिली और वे इनके आने का इंतजार न करते हुए स्वयं बच्चों की सुध लेने टीम के साथ निकल पड़े और गंभीरता पूर्वक इनकी बातों को सुनने के बाद त्वरित कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने एसडीएम एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित किया कि एकलव्य विद्यालय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बच्चों के द्वारा की गई किताबों, गणवेश, कंप्यूटर और शिक्षकों की मांग को पूरा करने कहा, साथ ही शासन स्तर की मांगों के लिए पत्राचार की कार्रवाई शीघ्र करने निर्देशित किया।


छात्रों की जरूरतों को संवेदनशीलता से सुनते हुए कलेक्टर ने विद्यालय में व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के लिए नायब तहसीलदार को नोडल बनाने के निर्देश दिए हैं। बच्चों द्वारा प्रभारी प्राचार्य संतन प्रसाद बेहरा के व्यवहार की शिकायत पर उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों को बच्चों द्वारा लिखित शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई करने कहा। उन्होंने बच्चों के करियर गाइडेंस के लिए स्पेशल क्लास करने, नीट की तैयारी हेतु व्यवस्था के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बच्चों की समस्याओं के निराकरण के बाद कलेक्टर ने सीधे बच्चों से बात करते हुए अपने स्कूल के दिनों के अनुभव को बच्चों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि स्कूल और शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जीवन में विभिन्न परिस्थितियां आती है, अपनी पढ़ाई को लक्ष्य बनाकर उस पर फोकस करें। समय का सदुपयोग करें। प्रशासन द्वारा मांगों, आवश्यकताओं को पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों से अनुशासित रहने व अच्छे से पढ़ाई करने कहा। बच्चों के लिए प्रशासन की ओर से बस की व्यवस्था की गई थी। कलेक्टर की बातों से संतुष्ट होकर बच्चे बस से वापस लौट गए। इस दौरान सीएसपी स्मृतिक राजनाला, अपर कलेक्टर एएल ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग डीपी नागेश, एसडीएम मैनपाट रवि राही सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

Categorized in: