सरकार का एआई मिशन मंजूर, 100 डेटा लैब और 300 स्टार्टअप बनेंगे

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को दी गई मंजूरी पर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने खुशी जताते हुए इसे सुशासन और डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देने वाला दूरदर्शी निर्णय बताया है।

सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के डिजिटल रोडमैप पर केवल बातें कीं, जबकि भाजपा सरकार धरातल पर काम कर रही है। 5 वर्षों के लिए इसे लागू किया जाएगा जिस पर 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मिशन का मुख्य फोकस बड़े शहरों के साथ-साथ दूर-दराज के जिले, छोटे शहर और कस्बे होंगे ताकि अंतिम व्यक्ति तक तकनीक का लाभ पहुंचे।

क्या-क्या होगा मिशन में

मिशन के तहत राज्यभर में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब का निर्माण किया जाएगा। शोध और नवाचार के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होंगे। युवाओं को बढ़ावा देने 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक और तकनीकी सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य के 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। शासकीय कामकाज को सुगम, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाओं का विकास किया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राजीव गांधी के कम्प्यूटरीकरण के सपने की बात करते हैं, लेकिन दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी उसे जमीन पर नहीं उतारा। उन्होंने कहा कि भाजपा की साय सरकार ने नीतियों को धरातल पर उतारकर दिखाया है कि सुशासन और डिजिटल परिवर्तन कैसे होता है।

उन्होंने कहा कि यह मिशन केंद्र सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप छत्तीसगढ़ को एक उत्तरदायी, नवाचार आधारित और भविष्य उन्मुख डिजिटल राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Categorized in: