महापौर की पहल पर 33/11 के.वी. उपकेंद्र बनेंगे, कलेक्टर ने दी हरी झंडी

अंबिकापुर। शहरवासियों को गर्मी में हो रही बार-बार की विद्युत कटौती और फाल्ट से जल्द राहत मिलेगी। महापौर मंजूषा भगत की पहल पर अंबिकापुर शहर के 6 स्थानों पर 33/11 के.वी. के नए विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। कलेक्टर ने इनके लिए भूमि आवंटन का आदेश भी जारी कर दिया है।

पिछले महीनों में विद्युत कटौती के कारण शहर में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी। जनता के आक्रोश को देखते हुए महापौर ने पार्षदों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में विद्युत विभाग ने बताया कि शहर में विद्युत भार अत्यधिक बढ़ने के कारण कटौती और फाल्ट हो रहे हैं। इसका एकमात्र उपाय शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नए उपकेंद्र स्थापित करना है। सबसे बड़ी समस्या भूमि की आड़े आ रही थी। महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित एमआईसी सदस्य और पार्षदों की टीम ने कलेक्टर से मुलाकात करके समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल भूमि आवंटन का आदेश दे दिया। कार्यालय यंत्री, शहर संभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड अंबिकापुर द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे आने वाले कुछ महीनों में शहरवासियों को बिजली की गंभीर समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन 6 स्थलों का चयन उपकेंद्र के लिए

महापौर, विद्युत विभाग और नगर निगम की टीम ने पार्षदों के सहयोग से 6 स्थानों पर भूमि चिन्हित की है। इनमें नगर निगम की स्वामित्व वाली भूमि पर तत्काल अनापत्ति दे दी गई। जिन स्थलों का चयन किया गया है, इनमें गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड में राज्य परिवहन डिपो, गहीरा गुरु वार्ड में मठपारा, महामाया पहाड़ घुटरापारा, डिगमा में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास, सिंचाई कॉलोनी बंगाली चैक शामिल है।

Categorized in: