बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत सुंदरगंज में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुधवार को जमकर बवाल हो गया। विरोध कर रहे लोगों ने जेसीबी मशीन समेत चार पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, इसके बाद कार्रवाई रोकनी पड़ी। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सुंदरगंज में करीब सौ एकड़ छोटे झाड़ के जंगल मद की शासकीय भूमि पर करीब 46 लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जिसमें करीब आधा दर्जन लोगों द्वारा अपने अवैध अतिक्रमण को खुद ही हटाने की प्रक्रिया कर ली गई और करीब दो दर्जन लोगों द्वारा अभी भी अवैध कब्जा कर रखा गया है।

अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर प्रशासन से कार्रवाई का अनुरोध किया गया था, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को भी पत्र भेजा गया था। निर्धारित तिथि पर जब बुधवार को लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा व एसडीओपी अभिषेक पैकरा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस बल गांव पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान कार्रवाई का विरोध कर रहे एक पक्ष के लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीणों का आपस में ही विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति तब बिगड़ गई जब उपद्रवियों ने जेसीबी मशीन समेत लटोरी पुलिस चौकी की शासकीय बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 03 ए 1223, सीजी03-4399, सीजी 03 ए 2294 पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हंगामे के बाद प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई स्थगित कर दी।

पंचायत प्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर हो रही थी कार्रवाई-एसडीएम
सुरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों के प्रस्ताव के आधार पर राजस्व और पुलिस की टीम लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज में स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 35, 255, 552 पर स्थानीय लोगों के द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच व ग्राम समिति द्वारा हटाए जाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई थी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई अतिक्रमणकारी ग्रामीणों के द्वारा ग्राम सरपंच व ग्राम समिति के सदस्यों को देख उनके साथ झूमाझटकी करते हुए पथराव प्रारंभ कर दिए, जिस पर जेसीबी का चालक मशीन वहां से हटाने लगा, इसी दौरान जेसीबी पर पथराव के दौरान रास्ते में खड़ी पुलिस की वाहनों पर भी पत्थर पड़े, जिससे पुलिस की गाड़ी का कांच भी टूटा है। कुछ ग्रामीणों क्रमश: 40 वर्षीय शिवा राम पिता नईहर साय एवं 60 वर्षीय घरभरन राजवाड़े पिता नंदलाल, कमलेश, मटकू राजवाड़े व अन्य लोगों को चोट आई हैं। स्थिति को फिलहाल नियंत्रित कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

पालतू सुअरोंं के भागने व मारपीट से बढ़ा विवाद
दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अतिक्रमणकारी द्वारा खुद से बेजा कब्जा हटाया जा रहा था, तभी गांव के दूसरे पक्ष के कुछ लोगों द्वारा उसके पालतू सुअर को खोल दिया गया, जिससे सभी सुअर भाग गए। जब ग्रामीण ने इस बात पर आपत्ति दर्ज कराई तो दूसरे पक्ष के ग्रामीण द्वारा मारपीट कर दिया गया, इसी वजह से यहां विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दौरान जयनगर थाना प्रभारी टीआई रूपेश कुंतल एक्का, लटोरी चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता दलबल के साथ सक्रिय रहे।

रिपोर्ट पर 18 लोगों के विरूद्ध मामला दर्ज
मामले में शासकीय कार्य में व्यवधान एवं शासकीय सम्पत्ति के नुकसान मामले में लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैकरा की रिपोर्ट पर लटोरी पुलिस ने धारा 191(2), 191(3), 190, 324 (3), 221 बीएनएस एवं लोक सम्पत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत 18 लोगों के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

Categorized in: