दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि तिहाड़ जेल में उनकी सेल (कोठरी) के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे जिसे 13 अधिकारी मॉनिटर करते थे और इसकी लाइव फीड प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेजी जाती थी। आम आदमी पार्टी (आप) मुख्यालय में पार्टी पार्षदों से बातचीत में सीएम ने कहा कि अगर चुनाव में 4 जून को इंडिया ब्लॉक को बहुमत मिलता है तो वह पांच जून को जेल से बाहर आ जाएंगे।

केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा, ‘उन्होंने मेरे सेल में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इसकी रिकॉर्डिंग 13 अधिकारियों के ऑफिस में चलाई गई। मैं सेल के अंदर जो कुछ भी कर रहा था उसपर यह लोग लगातार नजर रख रहे थे। हमें यह भी पता चला कि जेल अथॉरिटी ने इसकी फीड पीएमओ को भी दी थी। (पीएम नरेंद्र) मोदी मेरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कर रहे थे। क्यों? क्योंकि वह जानना चाहते थे कि क्या केजरीवाल टूट गया है। वह देखना चाहते थे कि क्या मुझे डिप्रेशन हो गया है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि मेरे साथ हनुमानजी का आशीर्वाद है और केजरीवाल इस तरह टूटने वाला नहीं हैं।’

दिल्ली सीएम ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि मोदी के मन में मेरे और आप के प्रति इतनी नफरत क्यों है कि वह पार्टी को कुचलने पर तुले हुए हैं।’ बता दें कि दिल्ली शराब नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद वह न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद थे। केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को अंतरिम जमानत पर रिहा किया है। उन्हें 2 जून को सरेंडर करना है। रिहाई के बाद से केजरीवाल पार्टी नेताओं के साथ बैक-टू-बैक बैठकें कर रहे हैं।

आप संयोजक ने अपनी पार्टी के पार्षदों से लोकसभा चुनाव के लिए और अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। केजरीवाल ने कहा, ‘उन्होंने (बीजेपी) मुझे यह सोचकर जेल भेजा था कि केजरीवाल को जेल भेजने के बाद पार्टी टूट जाएगी। आप के पार्षद, विधायक बिखर जाएंगे। वे आधे विधायकों और पार्षदों को तोड़ लेंगे। दिल्ली और एमसीडी में सरकार गिरा देंगे लेकिन नतीजा बिल्कुल उलट रहा।’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने जेल अधिकारियों के जरिए उन्हें उकी पत्नी से नहीं मिलने दिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से उनकी मुलाकात खिड़की के जरिए कराई जैसे कि वे अपराधी हों। आप नेता ने कहा, ‘हमें तार की जाली वाली दीवार के दो किनारों पर बैठाया, जैसा हम फिल्मों में देखते हैं…ऐसा केवल मुझे अपमानित करने के लिए किया गया था।’

Categorized in: