राजस्व की भारी छाती पर मौन है शासन एवं प्रशासन
(पृथ्वीलाल केशरी) 
रामानुजगंज।कूड़ा फैलाकर नालियों को चोक करने और गंदगी फैलाने वालों पर सजा का प्रावधान है। नगर पंचायत खुद परेशान होता है। लेकिन कार्यवाही और आर्थिक जुर्माने के मामले में फिसड्डी है। जिससे लोगों को गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। और लोग संक्रामक बीमारियों के चपेट में आते चले जा रहे हैं साथ ही जुर्माने के रुप में मिलने वाले राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।
नगर को चकाचक रखने की नैतिक जिम्मेदारी नगर पंचायत की है। लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं मनोनीत प्रतिनिधियों ने आम जनता के लिए कभी कुछ नहीं सोचा और सभी मुंह मोड़े हुए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डो में जगह जगह कूड़ा करकट के ढेर मिल जाएंगे। साथ ही हर दिन कुछ रसूखदार लोगों के वार्डों की कूड़ा करकट को साफ कराई जाती है। जिसके एवज में लाखों रुपए  ख़र्च हो जाते हैं। पालिका एक्ट की बात करें तो वह लोगों को साफ सुथरे माहौल में रखने के लिए प्रतिबद्ध है तो गंदगी फैलाने वालों पर कार्यवाही भी कर सकता है। 
  गंदगी रोकने के प्रति कोई संजीदा नहीं
नालियों के चोक होने और गंदगी फैलाने के अहम कारक प्रतिष्ठान मालिक एवं दुकानदार भी हैं। खानपान अथवा अन्य व्यवसाय कर परिवार पालने वाले दुकानदार गंदगी रोकने के प्रति तनिक भी संजीदा नहीं हैं। दुकान से निकले दोना पत्तल,पानी और चाय के कप गिलास के निस्तारण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाते हैं। पड़ोस से गुजर रही नालियों और सड़क की पटरियों में सब कुछ डालकर चलते बनते हैं। जिससे यह चोक हो जाती हैं। चोक होने पर नालियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाती हैं। नगर पंचायत ऐसे प्रतिष्ठान मालिकों और दुकानदारों पर महेरबानी का बारिश कर रहा है। इस महेरबानी का नतीजा यह होता है कि सफाई करने पर हजारों रुपए के साथ समय खर्च होता है। गलत काम में रोक न लगाए जाने से यह दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है।
क्या कहता पालिका का एक्ट
पालिका का एक्ट कहता है कि जानबूझ कर गंदगी फैलाने वालों को कार्यवाही के दायरे में लिया जाए। चेतावनी नोटिस देने के साथ ही उनसे कम से कम 500 रुपए का जुर्माना प्रतिदिन के हिसाब से वसूला जाए। इसके बाद भी न मानने वालों पर विधिक कार्यवाही कर दी जाए।
  नपा ने किसी को नहीं किया चिन्हित
नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा फैलाने वाले आज तक चिन्हित नहीं हो सके हैं। जबकि ठेला, खोमचा,खानपान की दुकानें,चाट की दुकानें,नर्सिग होम,होटल,रेस्टोरेंट इत्यादि संचालित है।

Categorized in: