अंबिकापुर। सदर रोड निवासी एक विवाहिता के द्वारा की गई खुदकुशी के मामले में कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद पति के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पाया था कि मृतिका रीना केशरी 27 वर्ष को उसका पति दहेज की मांग को लेकर आए दिन मारपीट करते हुए प्रताड़ित करता था। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध प्रथम दृष्टया धारा 304(बी) भादंसं का अपराध कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतिका के पति विनीत केशरी पिता स्व. अजय प्रसाद केशरी 32 वर्ष निवासी सदर रोड अंबिकापुर ने पुलिस को बताया था कि 15 जून को देर रात 11.30 बजे उसकी पत्नी रानी केशरी 27 वर्ष खाना खाकर अपने बेडरूम में एक वर्ष की बच्ची के साथ सो रही थी और वह स्वयं घर के बरामदे में सोया था। रात करीब 02 बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर कमरे में गया तो उसकी पत्नी बेडरूम के पंखा के सहारे चुनरी से फांसी लगाकर झूल रही थी और बच्ची वहीं बैठकर रो रही थी। इसकी सूचना वह अपने घर के अन्य सदस्यों तथा आसपास के लोगों को दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन कायम करके शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया था। मामले में मर्ग कायम करके पुलिस अग्रिम जांच में जुटी थी। इस दौरान सामने आया कि मृतिका को उसका पति विनीत केशरी दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिस कारण वह खुदकुशी जैसा कदम उठाई थी।

Categorized in: