पति के साथ स्कूटी में रिश्तेदार के यहां जा रही थी  

अंबिकापुर। मोटरसाइकिल सवारों ने झपट्टा मारकर स्कूटी सवार महिला के गले से सोने का चेन खींच लिया और फरार हो गए। चेन की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

केदारपुर भट्टी रोड निवासी अनित कुमार शाह 41 वर्ष ने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल को रात करीब 08 बजे उसके पिता अनिरूद्ध शाह व मां फूलकुमारी शाह स्कूटी में रिश्तेदार प्रयाग साहू के यहां बिलासपुर रोड लक्ष्मीपुर जाने निकले थे। अस्पताल रोड मणिपुर में अर्जुन साहू के घर के सामने करीब 8.20 बजे अचानक पीछे से लाल रंग की बिना नंबर मोटरसाइकिल में सवार दो अज्ञात लड़के स्कूटी से सटकर निकले और झपट्टा मारकर मां फूलकुमारी के गले से सोने का चेन खींच लिए, जिसका वजन करीब 15 ग्राम है। इसकी जानकारी फूलकुमारी स्कूटी चला रहे अपने पति को दी। इन्होंने पीछा करके मोटरसाइकिल सवारों को तलाशने की कोशिश की लेकिन उनका पता नहीं चला। अनित कुमार शाह की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 34, 356, 379 का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें लम्बे समय बाद शहर में चेन स्नेचिंग का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पूर्व में मोटरसाइकिल सवार एक चेन स्नेचर की भागते समय गिरने से हुई मौत के बाद इनके पूरे गिरोह को खंगाल डाला था, जो शहर में ही ठिकाना बनाकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देने में लगे थे। जेवर पहनकर घर के बाहर महिलाओं का टहलना तक मुश्किल हो गया था। इसके बाद चेन स्नेचिंग की वारदात पर रोक लगी थी और लोगों ने राहत की सांस ली थी।  

Categorized in: