अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के चलगली थाना अंतर्गत ग्राम भैरोपुर निवासी दो युवक मोटरसायकल सहित पुल की रेलिंग से टकरा गए, हादसे में घायल एक युवक की मौत हो गई। एक का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम भैरोपुर निवासी मनसाय पल्हे पिता रामसूरत पल्हे 18 वर्ष, 9 जुलाई को रामकुमार के साथ घर से दोपहर करीब 12 बजे मोटरसायकल से अपनी नानी के यहां भैंसामुंडा गया था। रात करीब 8.45 बजे संजय कुम्हरिया ने रोशन कोल को फोन करके बताया कि मनसाय और रामकुमार, सरहरी मुख्य मार्ग में अनियंत्रित होकर पुलिया के रेलिंग से टकरा गए हैं। दोनों को घायल अवस्था में प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए हैं। रोशन कोल ने इसकी सूचना घायल मनसाय के चाचा विजय कुम्हरिया को दी, इसके बाद स्वजन प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। इस दौरान मनसाय बातचीत कर रहा था। प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सक ने इन्हें रेफर कर दिया। देर रात करीब 1.30 बजे एम्बुलेंस से स्वजन घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान 10 जुलाई को सुबह 5.25 बजे मनसाय की मौत हो गई, रामकुमार का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।