औरंगाबाद बिहार से लाकर सूरजपुर जिले में करती थी तस्करी
सूरजपुर जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र की तस्कर महिला का अंबिकापुर में भी ठिकाना  

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने ड्रग तस्कर महिला के कब्जे से 10,512 नग प्रतिबंधित नशीला टेबलेट एवं 400 नग प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन जप्त किया है। महिला वाणिज्यिक मात्रा में नारकोटिक्स युक्त टेबलेट एवं इंजेक्शन रखकर तस्करी कर रही थी। पुलिस ने महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जप्त प्रतिबंधित टेबलेट व इंजेक्शन की कीमत लगभग 05 लाख रुपये है। महिला ने औरंगाबाद बिहार से प्रतिबंधित टेबलेट व इंजेक्शन लाने की जानकारी दी है, जिसे वह श्रीनगर सूरजपुर में बिक्री करने के लिए ले जा रही थी।

सरगुजा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के संदेहियों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 08 अगस्त को थाना गांधीनगर पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के दौरान मनेन्द्रगढ़ रोड अजिरमा में बुधवारी बाजार के पास सड़क के किनारे खड़ी एक महिला दिखी, जो पीठ में काले रंग का पि_ू बैग और नीचे एक बड़े झोले में कुछ सामान रखी थी। महिला पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन को देखकर तेजी से झोला को झाड़ी में छिपाने का प्रयास करने लगी। महिला की गतिविधि संदिग्ध होने पर महिला पुलिस कर्मचारी की मदद से पूछताछ की गई तो वह अपना नाम गायत्री सिंह उर्फ सपना पति दिनेश सिंह 30 वर्ष, निवासी खालपारा थाना श्रीनगर, जिला सूरजपुर का होना बताई, जिसका वर्तमान में अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्थित पूरन कॉलोनी सुभाषनगर में ठिकाना है। पुलिस टीम ने महिला से झोला तथा बैग में रखे सामान के बारे में पूछा तो वह संतोषप्रद जवाब नहीं दी। महिला के झोला का तलाशी लेने पर अलग-अलग कार्टून में 438 पत्ता प्रतिबंधित टेबलेट, कुल 10512 नग एवं पि_ू बैग की तलाशी लेने पर अलग-अलग कार्टून में 200 नग प्रतिबंधित 02 एमएल एवं 200 नग 10 एमएल इंजेक्शन मिला। महिला के पास से बरामद प्रतिबंधित टेबलेट और इंजेक्शन से संबंधित किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में महिला ने बताया कि प्रतिबंधित टेबलेट एवं इंजेक्शन वह औरंगाबाद बिहार से लाकर श्रीनगर सूरजपुर में स्थानीय स्तर पर बिक्री करती है। थाना गांधीनगर पुलिस ने मामले में धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट कायम करके महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, महिला आरक्षक भोली राजवाड़े, त्रिलोचनी राजवाड़े, आरक्षक अनिल सिंह, ऋषभ सिंह, उमाशंकर साहू, अतुल सिंह, अरविन्द उपाध्याय, इजहार अहमद, पंकज लकड़ा, सत्यम सिंह शामिल रहे।

Categorized in: