राजनांदगांव। पद्मश्री से सम्मानित समाज सेविका फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फूलबासन बाई यादव को तीनों आरोपियों ने राजनांदगांव जिले से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित सुकुलदैहान गांव में उनके घर से अगवा कर लिया था। लेकिन पुलिस ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर रुटीन जांच के दौरान तीन आरोपियों को पकड़ लिया।

सेल्फी लेने के बहाने ले गए
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरूआती जांच के अनुसार सुबह लगभग 10.30 बजे बेमेतरा निवासी खुशबू साहू नाम की महिला अपने दो साथियों के साथ सुकुलदैहान गांव स्थित फूलबासन के घर पहुंची। महिला ने घर के बाहर खड़ी एक कार में बैठी दिव्यांग महिला के साथ सेल्फी लेने के बहाने फूलबासन बाई यादव को बाहर बुलाया और उन्हें गाड़ी में बिठा लिया। जैसे ही वह गाड़ी में बैठीं, दरवाजे बंद कर दिए गए और कार तेजी से आगे बढ़ गई।

यातायात पुलिस की सतर्कता से पकड़ाये
कुछ दूर जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके हाथ बांध दिए और कपड़े से उनका मुंह बंद कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इसी बीच, खैरागढ़ सड़क पर चिखली पुलिस चौकी के पास नियमित जांच कर रही ट्रैफिक पुलिस की एक टीम ने कार को रोक लिया। उन्होंने बताया कि हाथ और मुंह बंधे हुए महिला को देखकर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर यह दावा करके पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की कि वह मिर्गी की मरीज है, लेकिन पुलिसकर्मियों में से एक ने यादव को पहचान लिया। बाद में पुरुष वाहन चालक सहित तीनों आरोपियों को पुलिस चौकी लाया गया और बाद में सुकुलदैहान पुलिस चौकी में पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया गया।

महिला ने रची अपहरण की साजिश
राजनांदगांव के नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। शुरुआती पूछताछ से पता चला है कि मुख्य आरोपी महिला, एक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी है और पिछले चार से पांच महीनों से फूलबासन बाई यादव के संपर्क में थी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे संकेत भी मिले हैं कि बेमेतरा क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों को रोजगार प्रशिक्षण के नाम पर लामबंद किया जा रहा था और उनसे अवैध वसूली की जा रही थी। उन्होंने बताया कि फूलबासन बाई यादव के अपहरण के कारणों के बारे में जानकारी जांच के बाद ही मिल सकेगी।

फूलबासन बाई यादव कौन हैं
फूलबासन बाई यादव को वर्ष 2012 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2001 में, उन्होंने छोटे-छोटे स्वयं सहायता समूह बनाना शुरू किया और महिलाओं को छोटी बचत करने की आदत अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। अब उनके संपर्क में लगभग दो लाख महिलाएं शामिल हैं, जो समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की पहलों के साथ-साथ जल और पर्यावरण संरक्षण तथा जैविक खेती जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उन्हें कई अन्य प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। फूलबासन बाई यादव प्रसिद्ध समाज सेविका हैं। उन्होंने स्वसहायता समूह के माध्यम से करीब 2 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। वह एक संस्था चलाती हैं।

Categorized in: