लिखित शिकायत पर छह महिला-पुरुष को गिरफ्तार की पुलिस

बसंतपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत बसंतपुर थाना क्षेत्र के आश्रित ग्राम झारापारा में कुछ लोग पैसा एवं इलाज करने का प्रलोभन देकर कथित रूप से धर्म परिवर्तन करने में लगे थे। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और छह महिला-पुरुष को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इस कार्य में एक स्वास्थ्य विभाग की नर्स भी शामिल है।
ग्राम बसंतपुर (झारापारा) की फुलकुंवर पति राजनारायण सिंह 35 वर्ष ने लिखित आवेदन में बताया था कि कुछ लोग उसके पति को पैसे एवं इलाज का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। आवेदन के आधार पर बसंतपुर थाना प्रभारी एवं स्टाप मौके पर पहुंचे तो बैजनाथ सिंह के घर में कथित धर्म परिवर्तन सभा चल रही थी। विवेचना में सामने आया कि इनके द्वारा किसी प्रकार की सभा करने की अनुमति नहीं ली गई है। वहीं फुलकुंवर ने आवेदन में बताया था कि उसके पति राजनारायण सिंह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। उन्हें पैसों की जरूरत थी, इसका फायदा उठाकर राजेश कुमार पिता स्व. शिव प्रसाद निवासी रूपपुर, प्रियन्ता नायक स्टाफ नर्स पति सतीश प्रतापपुर वर्तमान पदस्थापना स्थल डिण्डो, मंजू देवी पति बैजनाथ सिंह निवासी ग्राम बसंतपुर, लालचंद पिता सहदेव कोरवा निवासी बसंतपुर, देववीर नेताम पिता मनबोध निवासी रजखेता व सम्पतिया टेकी पति राम अंजोर निवासी ग्राम मेंढारी थाना बसंतपुर उसके घर आए और उसे पैसे एवं पति को ठीक करने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करने के लिए बोले। इन्होंने बताया कि रविवार के दिन बैजनाथ सिंह के घर में उसकी पत्नी मंजु देवी एवं अन्य लोगों द्वारा धर्म परिवर्तन हेतु सभा रखी जाती है। इसके आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3, 4 का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया एवं कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह स्टाफ के साथ सक्रिय रहे।
बयान
महिला नर्स प्रियन्ता नायक हमारे क्षेत्रांतर्गत आती होगी तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डां हेमन्त दिक्षित, बीएमओ रामानुजगंज  

Categorized in: