अंबिकापुर। सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इस बार अधिवक्ताओं ने अनिल सोनी पर विश्वास जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद उन्होंने राजस्व न्यायालय में फैली भर्राशाही को समाप्त करने की बात कही और न्यायालय में न्याय का राज्य स्थापित कर पुराने लंबित कार्यों को पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई है। अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार आमने-सामने थे। अनिल सोनी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जन्मेजय पांडेय को 58 मत से पराजित कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।


सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के अधिवक्ता कक्ष में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हुई। सुबह 10.30 बजे से चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में काफी गहमा-गहमी की स्थिति बनी हुई थी। अध्यक्ष पद के लिए अनिल सोनी, जन्मेजय पांडेय व रामनारायण प्रसाद चुनाव मैदान में थे। इस वजह से मुकाबला त्रिकोणीय रहा। अनिल सोनी को 260 वोट मिले, जबकि निकटम प्रतिद्वंदी जन्मेजय पांडेय को 202 वोट प्राप्त हुए। रामनारायण प्रसाद को 144 मत मिले। मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी संतोष सिंह द्वारा परिणामों की घोषणा की गई।

नितेश उपाध्यक्ष, संपूर्ण सचिव, चंद्र प्रकाश सहसचिव, दिलीप कोषाध्यक्ष बने
उपाध्यक्ष पद पुरूष के लिए गिरिजा नंद सिंह, नितेश चंद्र शुक्ला व संदीप तिवारी मैदान में थे, जिसमें से नितेश चंद्र ने 234 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की है। गिरिजा नंद सिंह को 203 व संदीप तिवारी को 168 वोट मिले। महिला उपाध्यक्ष पद के लिए सरिता सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुईं। सचिव पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें अलंकार शर्मा को 177 मत जबकि अशोक ठाकुर को 69 मत, संपूर्ण गुप्ता को 197 मत व शिवशंकर सिंह को 165 मत प्राप्त हुए हैं। संपूर्ण गुप्ता ने निकटतम प्रतिद्वंदी अलंकार शर्मा को 20 वोट से हराकर सचिव पद पर कब्जा किया। सह सचिव के लिए दो नाम थे, जिसमें चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव 347 मत प्राप्त करके जीत हासिल किए। धनंजय मिश्रा को 258 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन अधिवक्ता चुनाव में थे, जिसमें  आशा जायसवाल को 204 व दिलीप गुप्ता को 224 मत मिले, वहीं दिवाकर गुप्ता को 179 वोट मिले। सबसे ज्यादा मत पाकर दिलीप गुप्ता ने कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

इनका हुआ निर्विरोध निर्वाचन
ग्रंथालय सचिव अनिल कुमार सिन्हा, सांस्कृतिक एवं क्रीडा सचिव रोहित तिवारी, कार्यकारिणी में प्रमोद तिवारी, संजय अंबष्ट, गजेन्द्र सिंह, राजीव सिन्हा, नचिकेता जायसवाल, कार्यकारिणी महिला में रूमा विश्वास निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

Categorized in: