गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। शहर में घर-दुकान के अलावा दोपहिया वाहनों की चोरी जैसी वारदातें तो आए दिन हो रही हैं, चोर महापुरूषों की चौक-चौराहों में लगी प्रतिमाओं के साथ खिलवाड़ करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसी शर्मनाक हरकत कौन कर रहा है, शहरवासी जानने के लिए आतुर हैं। पूर्व में भी महाराणा प्रताप की प्रतिमा से भाला चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन चोर का पता लगाने में पुलिस असफल रही। पुन: चोरों ने सार्वजनिक स्थल पर स्थापित इस प्रतिमा से भाला गायब कर दिया। कहने को चौराहे में सीसीटीव्ही लगा है, लेकिन इसकी उपयोगिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना से शहरवासी आक्रोशित हैं।

बता दें कि शहर के रिंग रोड से लगे प्रतापपुर नाका का नामकरण महाराणा प्रताप चौक किया गया है, और यहां महाराणा प्रताप की भव्य मूर्ति की स्थापना की गई है। इस मूर्ति से दूसरी बार भाला चोरी की घटना हुई है। दूसरी घटना में पुराना बस स्टैंड इलाके में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति से चश्मा अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। मंगलवार को सुबह स्थानीय लोगों ने दोनों मूर्तियों की स्थिति को देखा, और इसकी जानकारी नगर पालिक निगम के जिम्मेदारों के अलावा पुलिस को दी। महापुरूषों की मूर्तियों से हुई चोरी की वारदात से शहरवासी आहत हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी मामले को लेकर कई प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीव्ही तो लगाए गए हैं, लेकिन ये किसी काम के नहीं हैं। सुरक्षा व्यवस्था का अभाव बने रहने से असामाजिक तत्व और चोरों के हौसले बुलंद हैं। किसी घटना की पुनरावृत्ति होने पर पुलिस मामला दर्ज करके अंधेरे में हाथ-पांव मारती है। बहरहाल शहर में स्थापित महापुरूषों की प्रतिमाओं से खिलवाड़ करने के मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीव्ही का फुटेज खंगाल रही है। समाचार लिखने तक चोरों का सुराग नहीं मिला है। घटना से सामने आया है कि चोरों और बदमाशों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है। ऐसी शर्मनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए यह करतूत चोरों की है या बदमाशों की, इसका पर्दाफास होना जरूरी है।

इसी को शासन और प्रशासन कहते हैं-सिंहदेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने महापुरूषों की प्रतिमाओं से भाला और चश्मा चोरी की घटना के परिप्रेक्ष्य में तंज कसते हुए कहा है कि इसी को शासन और प्रशासन कहते हैं। जब हम छोटे थे तो राजा कम्बल ओढ़कर जनता के बीच उनकी समस्याओं को जानने के लिए निकलते थे। लॉ एंड आर्डर की स्थिति क्या है, आपकी निगरानी पर निर्भर करता है। नशीले पदार्थ का सेवन लगातार बढ़ रहा है। जिससे चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही है।

Categorized in: