नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो की टीम ने 14 मार्च को किया निरीक्षण, 15 मार्च को डीजीसीए ने जारी किया लाइसेंस, एयरपोर्ट से उड़ेगा

अंबिकापुर। सरगुजावासियों की बहुप्रतीक्षित मांग शुक्रवार को पूरी हो गई है। सरगुजा से हवाई सफर का रास्ता अब साफ हो गया है। भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन कार्यालय द्वारा मां महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर को उड़ान हेतु लाइसेंस जारी कर दिया गया है। जिले में लगातार डीजीसीए की टीम एयरपोर्ट अधोसंरचना और आवश्यक मानदंडों का निरीक्षण करने में लगी थी। इसके पहले अंतिम चरण में 14 मार्च को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो की दो सदस्यीय टीम नवनिर्मित मां महामाया एयरपोर्ट का निरीक्षण की थी। क्लीयरेंस के बाद डीजीसीए ने 15 मार्च को इस एयरपोर्ट का लाइसेंस जारी कर दिया है। यहां से 72 सीटर विमान उड़ेंगे।

बता दें कि यात्रियों और उड़ान संचालन की सुरक्षा के लिए विकसित बुनियादी ढांचे की स्थिति और सुविधाओं के लिए लंबे समय से मां महामाया एयरपोर्ट में प्रयास चल रहे हैं। लाइसेंस के लिए डीजीसीए की टीम ने सितंबर 2023 में एयरपोर्ट का फाइनल निरीक्षण किया था। निरीक्षण में बताई गई कमियों को सितंबर 2023 तक दूर कर लिया गया। इसके बाद सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए हवाई अड्डे की उपयुक्तता की पुष्टि की गई। टीम ने सभी पहलुओं पर संतोष जताया। अनंतिम मंजूरी जारी करने के लिए रिपोर्ट बीसीएएस मुख्यालय दिल्ली को भेजी गई, इसके परिणाम स्वरूप अगले ही दिन शुक्रवार को डीजीसीए से एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया गया है। एयरपोर्ट में लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से 364 एकड़ में नए सिरे से 1920 मीटर लंबे एयरस्ट्रिप का निर्माण किया गया है, इसमें 1800 मीटर का मुख्य रनवे भी शामिल है। रनवे की लंबाई व क्षमता बढ़ाने से टर्मिनल भवन की क्षमता बढ़ गई है। एयरपोर्ट में सभी जरूरी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग का कार्यालय, फायर स्टोर, ट्रेनिंग सेंटर, इलेक्ट्रिक पैनल रूम, एटीसी टॉवर, अप्रोन, ऑपरेशनल बाउंड्री, अराइवरल व डिपार्चर सेक्शन, एंटी हाइजेक रूम,  सहित अन्य निर्माण कार्य किए गए हैं।

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन आज  
सरगुजा वासियों को दी गई हवाई सेवा की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रदर्शन करने के लिए आज 16 मार्च को मां महामाया एयरपोर्ट में दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सरगुजा वासी लोकसभा चुनाव के पूर्व हवाई सेवा शुरू करने के लिए दिए गए लाइसेंस से स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

Categorized in: