अंबिकापुर। वाहन फाइनेंस कराने के बाद ईएमआई जमा करने का झांसा देकर एनव्ही कंपनी ने 43 लाख रुपये की ठगी कर ली, इसकी शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई गई है। जांच प्रक्रिया के दौरान यह रकम और बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा के विष्णु राम प्रजापति एवं निकुंज गुप्ता द्वारा एन.व्ही. ग्रुप कंपनी का संचालन किया जा रहा था। कंपनी द्वारा अंबेडकर चौक में इसका बकायदा कार्यालय खोला गया था। कंपनी के संचालकों ने लोगों को वाहन फाइनेंस कराने का काम करने का झांसा दिया था। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि उन्हें बताया गया कि वे कंपनी के माध्यम से वाहन फाइनेंस करा सकते हैं। फाइनेंस की रकम का आधा उन्हें कंपनी में जमा करना होगा, इसके बाद कंपनी की ओर से शेष ईएमआई का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावे कुछ माह तक जमा रकम में कंपनी 2 प्रतिशत का मासिक ब्याज भी देगी। कंपनी के द्वारा बताए गए स्कीम के झांसे में आकर शिकायत कर्ताओं ने कंपनी के माध्यम से वाहन फाइनेंस कराया और रुपये भी जमा कर दिए, इसके बाद भी ईएमआई की राशि जमा नहीं की गई। शिकायतकर्ता संजय एक्का ने कंपनी में 14 लाख 20 हजार रुपये, राजू कुमार निवासी गांधीनगर अंबिकापुर ने 5 लाख रुपये, सुनील बघेल निवासी दुलदुला जशपुर ने 6 लाख 20 हजार रुपये, कमलेश भगत निवासी बगीचा ने एक लाख रुपये, आलोक सिंह निवासी गांधीनगर ने 8 लाख 65 हजार रुपये, अशोक कुमार निवासी गांधीनगर ने 5 पांच 90 हजार रुपये, कौशल कृष्ण यादव निवासी लैलूंगा ने 2 लाख रुपये संस्था में जमा किया है। जांच के बाद पुलिस ने मामले में एनव्ही कंपनी के संचालक विष्णु राम प्रजापति एवं निकुंज गुप्ता के खिलाफ धारा 3(5), 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

Categorized in: