लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिनिया के आश्रित ग्राम जीवालिया में सड़क किनारे श्रीप्रसाद खलखो पिता परसे खलखो के द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया था। ग्राम पंचायत की ओर से अतिक्रमण हटाने कई बार नोटिस जारी किया गया, इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया और उक्त भूमि पर 15 दिवस के भीतर मकान का निर्माण कर लिया गया। ग्राम पंचायत बिनिया के सरपंच, सचिव, पंचों ने ग्राम सभा में अतिक्रमण हटाने प्रस्ताव पारित किया था और नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने कहा गया। उक्त भूमि पर ग्राम पंचायत की ओर से शासकीय निर्माण कराया जाना था परंतु अतिक्रमण नहीं हटाने से वाद-विवाद की स्थिति निर्मित होने लगी। ग्राम पंचायत की ओर से नायब तहसीलदार उमेश तिवारी को इससे अवगत कराया गया और पुलिस बल की मांग की। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित की गई। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में ग्राम पंचायत की ओर से जेसीबी से नवनिर्मित मकान तोड़कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार उमेश तिवारी, कुन्नी और केदमा चौकी प्रभारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि महंत सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

Categorized in: