जगदलपुर। धर्मांतरण के आरोप में छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मारपीट का मामला सामने आया है। एक पास्टर पर जबरन धर्मातरण का आरोप लगाते हुए यहां कुछ ग्रामीणों ने उसे जूते-चप्पलों से पीटा है। भीड़ ने पिटाई के बाद पास्टर के कपड़े भी फाड़ दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पास्टर ओडिशा का रहने वाला है।

ग्रामीणों का कहना है कि पास्टर पिछले कुछ समय से गांव में रह रहा था और लोगों का धर्म बदलने की कोशिश कर रहा था। गांव में इस संबंध में बैठक भी आयोजित की गई थी। जिसमें फैसला लिया गया था कि पास्टर को गांव से बाहर जाना होगा। पास्टर ने गांव के इस फैसले का विरोध किया था। जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। मामला बस्तर थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव का है। पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर इलाके का रहने वाला है। पिछले करीब डेढ़ साल से वह अपने परिवार के साथ रेटावंड गांव में रह रहा था।

मीटिंग कर पास्टर को गांव छोड़ने कहा
पास्टर के लगातार गांव में रहने के बाद गांव में विरोध की लहर फैल गई थी। गांव वालों ने दो दिन पहले इस संबंध में बैठक की थी। इस मीटिंग में पूरा गांव शामिल हुआ था। इस मीटिंग में गांव के धर्मांतरित परिवार के लोग भी शामिल हुए थे। गांव वालों ने मीटिंग कर पास्टर को गांव छोड़ने कहा।

पास्टर ने थाने में दर्ज कराई लिखित शिकायत
पास्टर को जब पंचायत के फैसले की जानकारी मिली थी इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने पास्टर की बेदम पिटाई कर दी। हालांकि इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। तनावपूर्ण माहौल के बीच पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। हालांकि इस मामले में पास्टर ने लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई।

गांव छोड़ने का पास्टर ने दिया भरोसा
पुलिस ने मामले की जानकारी देखते हुए बताया कि पास्टर ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि वे जल्द ही गांव छोड़ देंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में तनावपूर्ण जैसे हालात नहीं हैं।

Categorized in: