अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां मझलीपारा में घर में घुसकर गालीगलौज, मारपीट करते हुए आलमारी में रखे 3-4 लाख रुपये को चोरी करके ले जाने का मामला सामने आया है। घटना की लिखित शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद व चार अन्य आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष की ओर से थाने में गालीगलौज और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक प्रेम बाईन पिता देवेन्द्र बाईन ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 24 दिसम्बर को रात 9 बजे उसके घर में आकर पवन बाईन एवं अन्य चार लडक़े उसके घर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए घर में तोड़-फोड़ और मारपीट करने लगे। इस दौरान दो लडक़े एवं पवन बाईन उसके घर में घुस गए वहीं दो लडक़े उसके साथ और नरेश बाईन से मारपीट कर रहे थे। पवन बाईन और घर के अंदर घुसे दो लडक़े अलमारी को तोडऩे लगे तो उसकी पत्नि मंजू बाईन इन्हें रोकने लगी। इस पर पवन बाईन एवं उसके दोस्त उसके साथ भी मारपीट करते हुए अलमारी में रखा 3-4 लाख रुपये ले लिए। पवन बाईन घर में फोन करके अपने पिता विनोद बाईन एवं अपनी मां मोनिका बाईन तथा दादा नागर बाईन, दादी नातो बाईन को बुलाया, इसके बाद सभी मिलकर पूरे परिवार के साथ लाठी, डंडा, लोहे के रॉड से मारपीट करने लगे, जिससे प्रेम को सिर और कंधे में चोट आई है, वहीं उसकी पत्नि मंजू के आंख और पेट में लात से मारने के कारण चोट आई है। आरोपियों ने पुत्र नरेश बाईन एवं पुत्री लता के साथ मारपीट करते हुए इन्हें उठाकर ले जाने और मारकर फेंक देने की धमकी भी दी। घटना से भयभीत परिवार ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए जान-माल के सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 296, 331(2) का मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
दूसरे पक्ष से ग्राफिक डिजाइनर का काम करने वाले पवन बाईन पिता विनोद बाईन ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 22 दिसम्बर को उसके घर के पीछे खेत में प्रेम बाईन की बकरी आई थी। जब उसके माता-पिता ने प्रेम बाईन के घर वालों को बताया कि बकरी खेत का फसल खा रही थी, तो वे गालीगलौज करने लगे। 24 दिसम्बर को इसकी जानकारी मिलने पर रात्रि 9 बजे के लगभग उनके घर जाकर कहा कि एक ही परिवार के लोगों में बीच गालीगलौज नहीं करना चाहिए। उसके माता-पिता भी प्रेम बाईन के घर आ गए, इनके आते ही प्रेम व नरेश बाईन गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारने लगे। घटना में उसके दादा नागर बाईन को पैर, हाथ व सिर में चोंट आई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: